अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होती, यह वह रोशनी है जो समाज और आने वाली पीढ़ियों का रास्ता उजागर करती है। उनका भविष्य गढ़ते हैं। इसी भावना को केंद्र में रखकर प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रन वेलफेयर एसोसिएशन ने आज यानी 14 सितंबर को पटना के ऐतिहासिक रवीन्द्र भवन में 13वां शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया। यह दिन खास इसलिए रहा क्योंकि बिहार के 38 जिलों से आए करीब 3000 निदेशक और प्राचार्य अपनी निष्ठा और शिक्षा जगत में योगदान के लिए नवाजे गए। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गयी। बिहार के DGP विनय कुमार, रोटरी के पूर्व वर्ल्ड प्रेसिडेंट शेखर मेहता, IG विकास वैभव और एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
निजी स्कूलों का योगदान समाज में अविस्मरणीय : DGP
मौके पर DGP विनय कुमार ने कहा कि निजी स्कूलों का योगदान समाज में अविस्मरणीय है। उन्होंने सैयद शमायल अहमद की पहल की सराहना करते हुए शिक्षकों से आग्रह किया कि वे निष्ठा और ईमानदारी से छात्रों का मार्गदर्शन करें और स्कूलों को समाज में जिम्मेदारी का प्रतीक बनाएं।

बिहार में स्थापित की जाएंगी 500 नई लाइब्रेरी : शेखर मेहता
मुख्य अतिथि शेखर मेहता ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इंडियन ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की ओर से बिहार में 500 नई लाइब्रेरी स्थापित की जाएंगी। इससे बच्चों को किताबों और संसाधनों तक और आसान पहुंच मिलेगी।
आईजी विकास वैभव ने इस कार्यक्रम को शिक्षकों के समर्पण को सलाम करने वाला कदम बताया। वहीं, कटिहार के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री तारिक अनवर ने कहा कि शिक्षकों को पूरे देश में इस तरह सम्मानित करना वास्तव में शिक्षा जगत के लिए गर्व का विषय है।

शिक्षक जीवन और मूल्यों के पथप्रदर्शक : सैयद शमायल अहमद
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद शमायल अहमद ने भावुक होकर कहा… “शिक्षक सिर्फ ज्ञान नहीं देते, वे जीवन और मूल्यों के पथप्रदर्शक होते हैं। उनकी निष्ठा और प्रतिबद्धता ही समाज की प्रगति की असली नींव है।” उन्होंने इस मौके पर प्री-स्कूल शिक्षकों के लिए स्किल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के साथ MOU की भी घोषणा की, जिसके तहत 15 दिनों का प्रशिक्षण पूरा करने पर शिक्षकों को प्रमाणित सर्टिफिकेट मिलेगा।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष फरजाना शकील, तेलंगाना के अध्यक्ष एस एन रेड्डी, झारखंड के सेक्रेटरी तौसीफ हुसैन, उत्तर प्रदेश के साबिर हुसैन, श्याम नारायण कुमार, देवानंद झा, आफत रहमान, डाक्टर उमेश प्रसाद, मौसमी, डॉ हरेंद्र सिंह, पंकज किशोर सिंह समेत अन्य लोगों ने भी सभा को संबोधित किया।

इसे भी पढ़ें : सीनियर IAS अमित खरे बने उपराष्ट्रपति के सचिव, चारा घोटाला का किया था खुलासा



