अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Sasaram : सासाराम शहर के लोगों को अब रोज-रोज के भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने जा रही है। मंगलवार को सीएम सम्राट चौधरी ने रोहतास जिले के सासाराम में बेदा से मोकर तक बने नए टू-लेन बाईपास पथ का लोकार्पण किया। सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी और पुल के साथ तैयार किए गए इस बाईपास के निर्माण पर कुल 122.39 करोड़ रुपये की लागत आई है। सीएम ने शिलापट्ट का अनावरण कर इस सड़क को जनता को समर्पित किया। इस बाईपास के चालू होने से शहर में भारी वाहनों का दबाव कम होगा, लोगों का सफर आसान बनेगा और पूरे इलाके में व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।

जीर्णोद्धार किए गए पोखर का जायजा लिया
सड़क के लोकार्पण के तुरंत बाद सीएम सासाराम बाईपास के पास पहुंचे, जहां कायाकल्प अभियान के तहत एक पुराने पोखर का जीर्णोद्धार किया गया है। उन्होंने पोखर के चारों तरफ घूमकर साफ-सफाई और जल संरक्षण के कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। वहां मौजूद अधिकारियों से पूरी जानकारी लेने के बाद सीएम ने कहा कि केवल निर्माण करा देना ही काफी नहीं है, बल्कि जलस्रोतों की लगातार निगरानी और उनकी सही देखरेख होना बेहद जरूरी है ताकि पानी हमेशा साफ और सुरक्षित बना रहे।

‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान की हुई शुरुआत
इस मौके पर सीएम ने रोहतास जिले के लिए ‘रोहतास जल संजीवनी’ अभियान की शुरुआत भी की। इस अभियान का मकसद जिले के तमाम छोटे-बड़े तालाबों, पोखरों और पारंपरिक जलाशयों को फिर से जिंदा करना है, ताकि बारिश के पानी को सहेजकर भूजल स्तर को सुधारा जा सके। सीएम ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि सभी जलस्रोतों को अतिक्रमण और गंदगी से पूरी तरह मुक्त रखा जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस काम में स्थानीय लोगों को भी जोड़ें, क्योंकि पानी के स्रोतों को बचाकर ही हम आने वाली पीढ़ी का भविष्य सुरक्षित कर सकते हैं।
इस दौरान खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, स्थानीय विधायक वशिष्ठ सिंह और मुरारी प्रसाद गौतम मौजूद रहे। साथ ही मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा, पथ निर्माण सचिव पंकज कुमार पाल, सीएम के सचिव लोकेश कुमार सिंह, डीआईजी सत्य प्रकाश, डीएम दीपक कुमार मिश्रा और एसपी राज सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : 2030 तक खत्म होगा पलायन का दर्द, मजबूरी में बाहर नहीं जाएंगे बिहारी : सीएम सम्राट



