अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : अपने पद का दुरुपयोग कर वैध कमाई से करीब 260 प्रतिशत अधिक संपत्ति जुटाने वाले जनप्रतिनिधि पर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख मोहम्मद अफजल आलम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करते हुए EOU की विशेष टीम ने उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि प्रखंड प्रमुख ने अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से 1 करोड़ 25 लाख 3 हजार 500 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है। इस मामले में EOU ने सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 33/26 दर्ज कर आगे की छानबीन शुरू कर दी है।
छापेमारी में नकदी, जेवर और कई बैंक खातों का चला पता
तलाशी अभियान के दौरान EOU की टीम को प्रखंड प्रमुख के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी और निवेश के कागजात हाथ लगे हैं। टीम ने मौके से 30 लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा जांच अधिकारियों को 12 अलग-अलग बैंक खातों की पासबुक और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की 8 पॉलिसियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले हैं। EOU अधिकारियों का मानना है कि बरामद किए गए अन्य दस्तावेजों की गहन जांच पूरी होने के बाद अवैध संपत्ति का यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।
पांच साल में खरीदी 14 प्रॉपर्टी, दोस्तों के नाम पर भी निवेश
EOU की टीम ने सीतामढ़ी के बाजपट्टी थाना क्षेत्र के हरपुरवा स्थित प्रखंड प्रमुख के पैतृक आवास, हरपुरवा में ही मौजूद उनके निजी मकान, प्रखंड प्रमुख के सरकारी कार्यालय और मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र के मकसुदपुर स्थित आवास पर तलाशी ली। जांच में पता चला है कि मोहम्मद अफजल आलम ने पिछले पांच वर्षों के भीतर अपने और अपने परिजनों के नाम पर जमीन और मकान की कुल 14 प्रॉपर्टी खरीदी है, जिनके कागजात टीम ने जब्त कर लिए हैं। सबसे चौंकाने वाला खुलासा मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड में मिली एक बड़ी जमीन को लेकर हुआ है। यहां निर्माण सहित 104 डिसमिल जमीन का पता चला है, जिसका निबंधन मूल्य करीब 4 करोड़ रुपये आंका गया है। प्रखंड प्रमुख ने यह जमीन अपने तीन दोस्तों और रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी थी।
पंचायती राज विभाग को भी भेजी जा रही कार्रवाई की रिपोर्ट
एक लोक सेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का दुरुपयोग करने और अवैध तरीके से संपत्ति जमा करने के इस गंभीर मामले में EOU अब प्रशासनिक स्तर पर भी कदम उठाने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसी की ओर से बाजपट्टी प्रखंड प्रमुख के खिलाफ दर्ज एफआईआर और छापेमारी में मिले सबूतों की पूरी जानकारी सक्षम प्राधिकार यानी पंचायती राज विभाग को भेजी जा रही है, ताकि उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसे भी पढ़ें : बिहार में उद्योग लगाने की राह आसान : बियाडा ने 33 इकाइयों को दी 64.23 एकड़ जमीन, 915 करोड़ से ज्यादा का होगा निवेश




