अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में अवैध बालू माइनिंग के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक बार फिर माफियाओं की दबंगई सामने आई है। मालीपाड़ा गांव के पास जब डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी ने बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
हथियार लेकर पहुंचे लोग, चालक और अंगरक्षक से मारपीट
बताया जा रहा है कि जैसे ही ट्रैक्टर पकड़े जाने की खबर फैली, कुछ लोग हथियार लेकर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने डीटीओ के चालक घोलटन रजक और निजी अंगरक्षक लालू प्रसाद सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। धक्का-मुक्की और हंगामे के बीच एक ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर ले जाया गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, हालात कुछ देर के लिए बेकाबू हो गए थे। सरकारी टीम को घेरकर दबाव बनाने की कोशिश की गई।
दूसरा ट्रैक्टर छुड़ाने की भी कोशिश, दो हिरासत में
घटना यहीं नहीं रुकी। जब दूसरा जब्त ट्रैक्टर पुलिस केंद्र लाया जा रहा था, तब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव के दिलवर हुसैन और अब्दुल आहद ने रास्ते में रोककर उसे भी छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान फिर से मारपीट की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
नगर थाना में लिखित शिकायत
डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी ने नगर थाना में दिलवर हुसैन, अब्दुल आहद, ट्रैक्टर मालिक और चालक समेत दस से बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और फरार आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
पाकुड़ में अवैध बालू माइनिंग के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बालू माफियाओं ने टीम पर हमला किया। डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी के चालक और अंगरक्षक से मारपीट, दो आरोपी हिरासत में। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।#pakur #pakurnews #jharkhandnews #sandmining #newssamvad pic.twitter.com/NVUXCtLf0R
— News Samvad (@newssamvaad) February 26, 2026
अवैध बालू खनन पर प्रशासन सख्त
जिले में अवैध बालू माइनिंग को लेकर पहले भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। इसके बावजूद माफिया खुलेआम सरकारी टीम पर हमला करने से नहीं हिचक रहे हैं। इस घटना के बाद प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि कार्रवाई और तेज की जाएगी। फिलहाल पुलिस दोनों हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें : मतगणना से पहले अलर्ट मोड पर पुलिस, आईजी दे गये यह निर्देश

