अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Gorakhpur : गोरखपुर में रविवार सुबह सीएम योगी आदित्यनाथ जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मिले। दो सौ से ज्यादा लोग अपनी समस्याएं लेकर आए थे। सीएम ने कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, हर शिकायत का हल कराया जाएगा। इस बार जनता दर्शन में महिलाएं अधिक संख्या में पहुंचीं। मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठी महिलाओं और पुरुषों के पास खुद गए और उनकी पूरी बात ध्यान से सुनी। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित की समस्या को समय पर और पारदर्शी तरीके से निपटाएं।
जमीन कब्जे पर सख्त निर्देश
मौके पर कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जे की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि गरीब की जमीन हड़पने की कोशिश करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में लापरवाही न हो और जरूरत पड़े तो जवाबदेही भी तय की जाए।
लापता बच्चे की व्यथा पर तुरंत आदेश
अंबेडकरनगर से आई एक महिला ने बताया कि उसका बच्चा बाजार गया था और साइकिल सहित गायब हो गया। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को बच्चे की तलाश में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बीमारी के इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल की कागजी प्रक्रिया जल्द पूरी कर शासन में भेजी जाए। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पूरा सहयोग दिया जाएगा। एक महिला को डायलिसिस के पैसे की चिंता थी। योगी ने उसे आश्वस्त किया कि इलाज की पूरी व्यवस्था कराई जाएगी।
बच्चों को दिया प्यार और चॉकलेट
जनता दर्शन में आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने प्यार से आशीर्वाद दिया और चॉकलेट भी दी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और हल कराना उनकी प्राथमिकता है।
इसे भी पढ़ें : जाम मुक्त पटना मिशन ऑन, एक दिसंबर से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां होंगी जब्त



