अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। राजधानी रांची सहित राज्य के आधे से अधिक हिस्सों में घना कोहरा छाने लगा है, जिससे सुबह और शाम कनकनी बढ़ गई है। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों के जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।
पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 27 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। गढ़वा, पलामू, लोहरदगा जैसे जिलों में हाड़ कंपाने वाली ठंड का असर दिखा। ठंड के कारण देर रात बेघर लोग अलाव तापकर रात गुजार रहे हैं। धूप निकलने के बावजूद तेज हवाओं से लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। बुजुर्गों और बच्चों में सर्दी-खांसी की शिकायतें बढ़ गई हैं। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत की कोई गुंजाइश नहीं है। उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा, जिससे सुबह-शाम शीतलहर जैसा अहसास होगा।
मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 दिसंबर तक अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। हालांकि धूप निकलने के बावजूद दिन में केवल हल्की गर्मी महसूस होगी और सुबह व शाम के समय ठंड का असर बना रहेगा, जिससे लोगों को ठंड की दोहरी मार झेलनी पड़ेगी। लोगों को सलाह दी गई है कि गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतें।
इसे भी पढ़ें : सरहद पार से 6 मासूम जिंदगियों को बचा ले आई चाईबासा पुलिस

