अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : 19 से 23 जनवरी 2026 तक स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच (World Economic Forum) की वार्षिक बैठक में इस बार झारखंड की विशेष मौजूदगी देखने को मिलेगी। यह पहला अवसर होगा जब इस वैश्विक मंच पर झारखंड की पारंपरिक पहचान “जोहार” की गूंज सुनाई देगी। इस बैठक में सीएम हेमंत सोरेन एक आदिवासी जनप्रतिनिधि के रूप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निवेश के केंद्र के रूप में झारखंड की प्रस्तुति
सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधिमंडल राज्य की निवेश संभावनाओं को वैश्विक उद्योग जगत के सामने रखेगा। इसमें क्रिटिकल मिनरल्स, खनन, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट निर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोबाइल, अक्षय ऊर्जा, वस्त्र निर्माण, पर्यटन और वनोत्पाद जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य झारखंड को एक मजबूत और भरोसेमंद निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
विजन 2050 को वैश्विक मंच पर मजबूती
दावोस यात्रा के दौरान झारखंड सरकार अपने विजन 2050 को आगे बढ़ाने की दिशा में ठोस पहल करेगी। बहुराष्ट्रीय कंपनियों के साथ निवेश प्रस्तावों पर चर्चा होगी और झारखंड को एक ऐसे राज्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा जहां विकास और प्रकृति के बीच संतुलन बना रहे।
इंडिया पवेलियन में झारखंड की मौजूदगी
विश्व आर्थिक मंच 2026 में भारत की ओर से केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ कई राज्यों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। केंद्र सरकार ने इंडिया पवेलियन के लिए झारखंड सहित देश के छह राज्यों का चयन किया है। झारखंड इस मंच पर Growth in Harmony with Nature की थीम के साथ अपनी भागीदारी दर्ज कराएगा।
वैश्विक नेताओं की भागीदारी
दावोस 2026 में दुनिया के लगभग 130 देशों से करीब 3,000 प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है। इस वर्ष सम्मेलन का विषय “ए स्पिरिट ऑफ डायलॉग” और “अनलॉकिंग न्यू सोर्सेस ऑफ ग्रोथ” रखा गया है।
क्या है विश्व आर्थिक मंच
विश्व आर्थिक मंच को दुनिया के सबसे प्रभावशाली वैश्विक मंचों में गिना जाता है। यहां विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष, नीति निर्माता, उद्योगपति और वित्तीय संस्थान आर्थिक, तकनीकी और व्यापारिक मुद्दों पर चर्चा करते हैं। राज्य सरकार का मानना है कि इस मंच पर झारखंड की उपस्थिति से निवेश, रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : 14 साल के वैभव सूर्यवंशी का तूफान, भारत ने साउथ अफ्रीका को 233 रन से रौंदा



