अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम की अदालत में बुधवार को हत्या के एक मामले में फैसला सुनाया गया। जैसे ही अदालत ने सभी आरोपियों को दोषी करार दिया, उसी दौरान कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सजा सुनाए जाने के तुरंत बाद दोनों हत्यारे सुरक्षा घेरे को चकमा देकर फरार हो गए।
फरार हत्यारों की पहचान
फरार हत्यारों की पहचान शिवधन मोहाली और नरेन मोहली के रूप में हुई है। दोनों को जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। बताया गया कि इन्हें न्यायाधीश के कटघरे से बाहर लाया जा रहा था, तभी ड्यूटी पर तैनात जवानों को चकमा देकर दोनों भाग निकले।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
कोर्ट परिसर से दो हत्यारों के फरार होने की पुष्टि निधि द्विवेदी ने की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही या चूक तो नहीं हुई। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हत्या का मामला और एफआईआर
फरार नरेन मोहली और शिवधन मोहली के खिलाफ जमीन विवाद को लेकर भोलानाथ मोहली की हत्या का आरोप था। इस मामले में मृतक की पत्नी श्रीफूल मोहली ने 12 जनवरी 2019 को अमड़ापाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
केस का विवरण
अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 04/2019 में कुल पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। लंबी सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को दोषी माना। लेकिन फैसले के तुरंत बाद दो दोषियों का फरार होना पुलिस और न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
संभावित ठिकानों पर छापेमारी
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : दावोस में पहली बार गूंजेगा ‘जोहार’, सीएम हेमंत करेंगे झारखंड का नेतृत्व



