अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Koderma (Aftab Alam) : सुबह का वक्त था। घर के आंगन में रोज की तरह कामकाज चल रहा था। गीता देवी भी उसी दिनचर्या में लगी थीं। किसी ने सोचा भी नहीं था कि महुआ चुनने के लिए घर से निकली यह महिला अब कभी वापस नहीं लौटेगी। कुछ घंटों बाद जो खबर आई, उसने पूरे परिवार और गांव को हिला कर रख दिया।
सुबह घर से निकली, फिर नहीं लौटी
5 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे गीता देवी महुआ चुनने के लिए घर से निकली थीं। गांव के आसपास के जंगलों और खेतों में इस मौसम में महुआ चुनना आम बात है। रोज की तरह वह भी इसी काम के लिए गई थीं, लेकिन शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं, तो परिवार की चिंता बढ़ने लगी। पहले तो घरवालों ने सोचा कि शायद देर हो गई होगी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, बेचैनी डर में बदलने लगी। परिजनों ने आसपास खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, पड़ोसियों और जान-पहचान के लोगों से पूछताछ की, लेकिन गीता का कहीं कोई पता नहीं चला।

गुमशुदगी से बढ़ी बेचैनी
जब अपने स्तर पर तलाश नाकाम रही, तो परिवार ने पुलिस का सहारा लिया। गीता देवी की सास मोहिनी देवी ने तिलैया डैम ओपी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस भी तलाश में जुट गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। इधर परिवार के हर सदस्य की आंखें दरवाजे पर टिकी थीं… उम्मीद थी कि शायद गीता लौट आएंगी।
सुबह कुएं से आई दिल दहला देने वाली खबर
मंगलवार की सुबह एक स्थानीय व्यक्ति जब ओपी क्षेत्र के पास स्थित कुएं के पास पहुंचा, तो उसने पानी में एक महिला का शव तैरता देखा। यह दृश्य इतना भयावह था कि उसने तुरंत शोर मचा दिया। देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण वहां जुट गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी और कुछ ही देर में ओपी प्रभारी प्रेम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जब शव को बाहर निकाला गया, तो पहचान गीता देवी के रूप में हुई। यह खबर मिलते ही परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एक झटके में टूट गया परिवार
गीता देवी अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। उनके पति कारू साव रोजी-रोटी के लिए विजयवाड़ा में मजदूरी करते हैं। घर की जिम्मेदारी और बच्चों की देखभाल गीता ही संभाल रही थीं। अब उनके जाने के बाद परिवार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि बच्चों की परवरिश कैसे होगी।
हादसा या कुछ और, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महुआ चुनने के दौरान गीता देवी का पैर फिसल गया होगा और वह कुएं में गिर गई होंगी। हालांकि, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस रास्ते से गीता रोज गुजरती थीं, आज वहीं लोग खड़े होकर इस हादसे की चर्चा कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : पानी की किल्लत पर एक्शन, मंत्री दीपिका ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर



