अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में आज यानी एक अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। त्योहारी सीजन में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि महानवमी और विजयादशमी के रोज भी कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। 1 और 2 अक्टूबर को खासतौर पर किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर और बांका जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में गिरेगा ठनका और चलेगी आंधी
अगले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है। लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है। पश्चिम और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान जिलों में एक से 5 अक्टूबर तक इन जिलों में कई जगह बारिश की संभावना है। मुजफ्फरपुर, दरभंगा और समस्तीपुर जिलों में एक अक्टूबर को हल्की बारिश होगी। 2 से 5 अक्टूबर तक यहां लगातार बारिश हो सकती है।
उत्तर-पूर्व बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में एक अक्टूबर से ही तेज बारिश शुरू होगी, जो 5 अक्टूबर तक जारी रह सकती है।
दक्षिण-पश्चिम बिहार में भी होगा असर
भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल जिलों में एक अक्टूबर को हल्की बारिश होगी। वहीं 3 से 5 अक्टूबर तक कई जगहों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है।
दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में छाए रहेंगे बादल
पटना, गया, जहानाबाद, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, भागलपुर, बांका, जमुई और मुंगेर जिलों में एक से 5 अक्टूबर तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
इसे भी पढ़ें : नहीं रहे भाजपा के दिग्गज नेता विजय मल्होत्रा, एम्स में ली आखिरी हिचकी

