अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी में देर रात जो कुछ हुआ, उसने लोगों को सिहरने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर खुलेआम मारपीट, गाड़ी से कुचलने की कोशिश और पुलिस को ही टक्कर मारकर भागने की कोशिश। लेकिन कुछ ही घंटों में पूरा खेल पलट गया। रात के अंधेरे में तांडव मचाने वाले अब पुलिस की गिरफ्त में हैं। गुरफान अंसारी (30) और इस्तियाक अंसारी (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी काले रंग की बोलेरो भी जब्त कर ली गई है।
किन्नरों से झगड़ा, फिर बेकाबू हिंसा
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि किसी बात को लेकर दोनों युवकों का किन्नरों से लफड़ा हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि दोनों ने किन्नरों को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद गुस्से में बोलेरो से कुचलने की कोशिश की गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक 2-3 बार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश हुई।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक को मारी टक्कर
जब वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान बंटी कुमार नाम का युवक बीच-बचाव करने आया। आरोप है कि उसे तेज रफ्तार बोलेरो से टक्कर मार दी गई। वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
डिक्की में डालकर भागे
हैरानी की हद तब पार हो गई जब आरोपियों ने घायल बंटी को बोलेरो की डिक्की में डाल दिया और रातू की तरफ भाग निकले। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस हरकत में आई और शहर के कई इलाकों में नाकेबंदी कर दी गई।
पुलिस पर भी चढ़ा दी गाड़ी
पुलिस ने जब बोलेरो को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को दो बार टक्कर मारी। पुलिस को कुचलने की कोशिश भी की गई। इस दौरान अंगरक्षक हवलदार प्रमोद भगत घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाई।
टायर पर फायरिंग, एक आरोपी घायल
मांडर थाना क्षेत्र के पास पुलिस ने बोलेरो को घेर लिया। चेतावनी दी गई, लेकिन आरोपी नहीं माने। आखिरकार पुलिस ने टायर पर निशाना लगाकर फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी को गोली लगी। घायल बंटी कुमार को पुलिस ने बरामद कर तुरंत अस्पताल भेजा। उसका इलाज जारी है।
पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी के मुताबिक इस्तियाक अंसारी के खिलाफ पहले भी दंगा, हत्या की कोशिश और सरकारी काम में बाधा जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। देर रात सड़कों पर जो खौफ का माहौल था, वह अब गिरफ्तारी के बाद कुछ हद तक शांत हुआ है।
इसे भी पढ़ें : रांची में स्कॉर्पियो ने मचाया हाहाकार, पुलिस की गोलियों से थमा तांडव

