अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : झारखंड में एक बार फिर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। रांची, बोकारो और जमशेदपुर के बाद अब लातेहार के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। ईमेल मिलते ही कोर्ट परिसर में खलबली मच गयी।
ईमेल मिलते ही पुलिस को दी गई सूचना
जानकारी के मुताबिक, कोर्ट से जुड़े आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आया। जैसे ही इसकी जानकारी कोर्ट कर्मियों को मिली, तुरंत पुलिस और प्रशासन को खबर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता भी बुलाया। उनकी मदद से कोर्ट परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। पुलिसकर्मी कोर्ट के कमरों, गलियारों और आसपास के इलाकों की जांच कर रहे हैं ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाके में भी नजर बढ़ा दी है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
ईमेल भेजने वाले की तलाश शुरू
पुलिस के मुताबिक, धमकी देने वाले का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : चंदवारा थाना में पोस्टेड सब इंस्पेक्टर को उठा ले गयी ACB… जानें क्यों



