अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi/Gumla : गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में एसीबी रांची की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को 8 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी विशुनपुर ब्लॉक परिसर से की गई।
कुएं की मरम्मत के पैसे देने में कर रही थी टालमटोल
जानकारी के मुताबिक, विशुनपुर थाना क्षेत्र के चट्टी सेरका पंचायत निवासी परमेश्वर सिंह ने एसीबी रांची में लिखित शिकायत की थी। परमेश्वर सिंह ने बताया कि ग्राम सभा की बैठक में उनकी जमीन पर कुएं की मरम्मत के लिए उनका चयन किया गया था। इसके बाद उन्होंने कुएं की मरम्मत का काम पूरा भी कर दिया। काम पूरा होने के बाद जब वे भुगतान के लिए पंचायत सचिव के पास पहुंचे तो उनसे कहा गया कि बाकी पैसे निकालने और बिल पास कराने के लिए 8 हजार रुपये देने होंगे।
रिश्वत देने से मना किया तो एसीबी से की शिकायत
परमेश्वर सिंह ने रिश्वत देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रांची से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने पहले मामले की जांच कराई। जांच में शिकायत सही पाई गई।
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ लिया
मामला सही मिलने के बाद एसीबी ने ट्रैप की तैयारी की। गुरुवार को योजना के तहत परमेश्वर सिंह को पैसे लेकर पंचायत सचिव के पास भेजा गया। जैसे ही पंचायत सचिव ने 8 हजार रुपये लिए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि साल 2026 में रांची एसीबी का यह छठा ट्रैप केस है। गिरफ्तार पंचायत सचिव से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़ें : लातेहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मची खलबली



