अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में इन दिनों बोर्ड परीक्षा का दौर चल रहा है और बच्चों के लिए हर मिनट कीमती है। ऐसे में कहीं ट्रैफिक जाम की वजह से कोई परीक्षार्थी लेट न हो जाए, इसे लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। खासकर झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक बोर्ड की परीक्षाओं को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। रांची ट्रैफिक पुलिस ने इस बार सिर्फ कागजी निर्देश नहीं दिए, बल्कि अधिकारी खुद सड़क पर उतरकर हालात संभालते नजर आए।
ट्रैफिक एसपी खुद कर रहे मॉनिटरिंग
रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह पूरे इंतजाम की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को वे अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे, वहां की स्थिति देखी और मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है। खास तौर पर पार्किंग व्यवस्था पर ध्यान दिया गया है, ताकि गाड़ियों की वजह से सड़क पर जाम की स्थिति न बने। अधिकारियों ने यह भी देखा कि परीक्षा शुरू होने और खत्म होने के समय ट्रैफिक का दबाव किन इलाकों में ज्यादा रहता है और वहां अतिरिक्त जवान लगाए गए।
सुबह 9 नहीं, अब 8 बजे से ड्यूटी
आम दिनों में ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी सुबह 9 बजे से शुरू होती थी। लेकिन बोर्ड परीक्षा को देखते हुए अब यह समय एक घंटा पहले कर दिया गया है। अब सुबह 8 बजे से ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस तैनात रहेगी। इसका मकसद साफ है, बच्चों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना और अभिभावकों को भी राहत देना। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने ड्यूटी पर तैनात जवानों को साफ निर्देश दिए हैं कि वे नियमों का सख्ती से पालन कराएं, लेकिन छात्रों और अभिभावकों के साथ सहयोगपूर्ण रवैया रखें। अगर कहीं कोई दिक्कत आती है तो मौके पर ही उसका समाधान किया जाए।
अभिभावकों से खास अपील
पुलिस ने अभिभावकों से भी सहयोग मांगा है। अपील की गई है कि बच्चे समय से घर से निकलें, ताकि आखिरी वक्त की भागदौड़ से बचा जा सके। साथ ही गाड़ियां केवल तय पार्किंग स्थल पर ही खड़ी करें। सड़क किनारे या गेट के सामने अवैध पार्किंग से बचें, क्योंकि इससे बाकी छात्रों को परेशानी हो सकती है। छोटी सी लापरवाही कई बच्चों के लिए तनाव की वजह बन सकती है, इसलिए पुलिस चाहती है कि हर कोई जिम्मेदारी निभाए।
बच्चों के भविष्य से जुड़ा है मामला
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने साफ कहा कि बोर्ड परीक्षा बच्चों के जीवन का अहम पड़ाव है। ऐसे समय में प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक डीएसपी, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी परीक्षा अवधि के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। साफ है कि इस बार कोशिश यही है कि रांची की सड़कों पर जाम नहीं, बल्कि व्यवस्था दिखे और कोई भी बच्चा सिर्फ ट्रैफिक की वजह से अपने भविष्य की परीक्षा से दूर न रह जाए।
इसे भी पढ़ें : रांची में सड़क पर सनक : बोलेरो, थार के बाद अब मर्सिडीज का तांडव… देखें वीडियो

