अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में सड़क पर रौब दिखाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। बोलेरो और थार के बाद अब लग्जरी मर्सिडीज ने तांडव मचाया है। शहर के पॉश इलाके डोरंडा में मंगलवार को जो हुआ, उसने हर किसी को हिला कर रख दिया।
मामूली बात पर भड़का मर्सिडीज सवार
बताया जा रहा है कि एक छोटे से विवाद के बाद मर्सिडीज चला रहा शख्स इस कदर आपा खो बैठा कि पहले तो उसने एक युवक को टक्कर मार दी, फिर उसे कार की बोनेट पर लटकाकर कई किलोमीटर तक सड़कों पर घसीटता चला गया। रास्ते भर युवक जान बचाने के लिए चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
होमगार्ड जवानों पर भी चढ़ाने की कोशिश
जब रास्ते में होमगार्ड के जवानों ने यह खौफनाक नजारा देखा और कार रोकने का इशारा किया, तो आरोपी ने उन पर भी कार चढ़ाने की कोशिश की। जवान किसी तरह बाल-बाल बचे, मगर आरोपी वहां भी नहीं रुका।
बोनेट पर लटकाए युवक को सीधे घर ले गया
हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने युवक को सड़क पर नहीं छोड़ा। वह उसे बोनेट पर ही लटकाए हुए सीधे अपने घर तक ले गया। वहां पहुंचते ही युवक को जबरन उतारा, बंधक बनाया और जमकर मारपीट की।
एक्टिव हुई पुलिस ने युवक को बचाया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। आरोपी के ठिकाने तक पीछा कर पुलिस ने बंधक बनाए गए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। युवक काफी डरा-सहमा हुआ था और उसके शरीर पर चोट के निशान थे।
आरोपी गिरफ्तार, मर्सिडीज जब्त
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक आरोपी पेशे से वकील है। घटना में इस्तेमाल की गई लग्जरी Mercedes-Benz कार को भी जब्त कर थाने ले जाया गया है।
सवाल वही… सड़क पर कानून या रौब
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है… क्या सड़क पर कानून का राज है या महंगी गाड़ियों का रौब? फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
रांची के डोरंडा में मर्सिडीज चालक ने युवक को कार की बोनेट पर लटकाकर घर तक घसीटा, होमगार्ड पर हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी वकील को गिरफ्तार कर कार जब्त की।#Mercedes #ranchinews #jharkhandnews #newssamvad #todaynews pic.twitter.com/3AJnweaE7W
— News Samvad (@newssamvaad) February 17, 2026
इसे भी पढ़ें : झारखंड में मौसम का अजीब मिजाज : रात में कंबल, दिन में धूप से बेहाल लोग

