अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार की 243 सदस्यीय विधानसभा में शुक्रवार को CM सम्राट चौधरी ने अपनी सरकार का बहुमत साबित कर दिया। विधानसभा के विशेष एक दिवसीय सत्र में पेश किए गए विश्वास मत प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया गया। इसके साथ ही सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली नई सरकार ने सदन का भरोसा जीत लिया। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका पहला बड़ा राजनीतिक इम्तिहान था, जिसे उन्होंने आसानी से पार कर लिया। सदन में विश्वास मत मिलने के बाद राजग खेमे में उत्साह का माहौल दिखा।
15 अप्रैल को ली थी CM पद की शपथ
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह यह जिम्मेदारी संभाली। उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। सरकार बनने के बाद से ही सभी की नजरें विधानसभा में होने वाले विश्वास मत पर टिकी थीं, जिसे अब सरकार ने सफलतापूर्वक हासिल कर लिया है।
भाषण में पीएम मोदी से लेकर नीतीश कुमार तक का जताया आभार
विश्वास मत प्रस्ताव पर बोलते हुए CM सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें जनता के आशीर्वाद और समर्थन से मिली है। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की निजी संपत्ति नहीं होती।
“मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की बपौती नहीं”
सदन में बोलते हुए सम्राट चौधरी ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री की कुर्सी किसी की बपौती नहीं है। 14 करोड़ जनता के समर्थन और आशीर्वाद से मैं मुख्यमंत्री बना हूं।” उन्होंने कहा कि सत्ता किसी एक परिवार या व्यक्ति की जागीर नहीं हो सकती। लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत होती है और वही तय करती है कि कौन शासन करेगा।
#Live : बिहार की महान जनता की सेवा ही मेरा धर्म है और कर्म भी है … प्रणाम बिहार https://t.co/p1JZ9J4Bkr
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 24, 2026
लालू यादव पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लालू यादव के शासनकाल में हुए अत्याचारों ने ही उन्हें राजनीति में मजबूती दी। सम्राट चौधरी ने दावा किया कि लालू यादव ने उन्हें और उनके परिवार के 22 सदस्यों को जेल भेजा था। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में लालू यादव ने सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी।
“ट्रिपल सी” पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं को भी साफ किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार “ट्रिपल सी” यानी क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म पर किसी तरह का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जैसे पहले नीतीश कुमार के नेतृत्व में इन मुद्दों पर सख्ती बरती गई, उसी तरह आगे भी सरकार यही नीति अपनाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त संदेश
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “जो भी महिलाओं के खिलाफ अपराध करेगा, उसे हमारी पुलिस पाताल से भी खोज निकालेगी।” इस बयान के जरिए उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देने की कोशिश की।
ब्लॉक से थाना तक सीएमओ की सीधी निगरानी
प्रशासनिक सुधारों पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ब्लॉक, अंचल और थाना स्तर पर जनता को बेहतर सेवाएं देने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय यानी सीएमओ सीधे निगरानी करेगा। उन्होंने कहा कि लोक सेवा का अधिकार कानून, भूमि पोर्टल, ई-म्यूटेशन और ई-मैपिंग जैसी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाया जाएगा ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम लगाने पड़ें।
सड़क हादसे में मौत पर 8 लाख की सहायता
सदन में मुख्यमंत्री ने एक बड़ी जनहित घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अब सड़क दुर्घटना में मौत होने पर पीड़ित परिवार को कुल 8 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसमें 4 लाख रुपये बीमा कंपनी की ओर से और 4 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह फैसला विधायकों की मांग पर लिया गया है।
विकास, सुशासन और सुरक्षा पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के हित, सुशासन और सुरक्षा को सबसे ऊपर रखकर काम करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार के विकास को नई गति दी जाएगी और आम लोगों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचेगा।
इसे भी पढ़ें : ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात गार्ड का म’र्डर, CCTV में नकाबपोश कैद… देखें वीडियो



