अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के शहरग्राम–रानीपुर मार्ग पर बिंदाडीह में बीती देर रात बड़ा हादसा हो गया। पत्थर चिप्स से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान सड़क किनारे बने एक घर में 55 वर्षीय सकल बेसरा सो रहे थे। ट्रक पलटने से वे मलबे में दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम कर जताया विरोध
सुबह होते ही हादसे की खबर पूरे इलाके में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों ने सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन से मृतक के परिवार को मुआवज़ा देने और ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस और प्रशासन ने समझा-बुझाकर कराया जाम खत्म
घटना की जानकारी मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस और बीडीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाया और जाम हटवाया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर आए दिन ओवरलोडेड ट्रक तेज़ रफ्तार से गुजरते हैं। इससे दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि रात में पत्थर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
इसे भी पढ़ें : IED ब्लास्ट में जख्मी हवलदार महेंद्र लश्कर शहीद

