अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी होने के साथ ही बिहार के 73 लाख से अधिक किसान परिवारों के खातों में 1463 करोड़ रुपये की राशि पहुंच गई। इस मौके पर सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि किसानों के चेहरे की खुशहाली ही बिहार की समृद्धि का रास्ता खोलेगी। उन्होंने किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए पारंपरिक खेती के साथ-साथ समेकित खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सीएम सम्राट चौधरी शनिवार को पटना स्थित बामेती सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,880 करोड़ रुपये की सम्मान राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी।
किसानों को सस्ती बिजली और सोलर पंप की सुविधा
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में किसानों को कृषि कार्य के लिए मात्र 64 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सोलर पंप स्टोरेज सिस्टम को बढ़ावा देने का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम कुसुम योजना किसानों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 55 लाख किसानों की फार्मर आईडी तैयार हो चुकी है। इससे किसानों की जमीन का रिकॉर्ड व्यवस्थित होगा और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की तैयारी
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए 800 जीविका दीदियों को कृषि सखी बनाया गया है। ये कृषि सखियां गांव-गांव जाकर किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदे बताएंगी और उन्हें इसके लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने बताया कि पिछले दो दशकों में बिहार में सिंचित भूमि का दायरा काफी बढ़ा है। राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को आधुनिक बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
शिकायतों के निपटारे पर अधिकारियों की होगी समीक्षा
सीएम सम्राट चौधरी ने सहयोग शिविर कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 3 लाख 25 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2 लाख 75 हजार से ज्यादा मामलों का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निपटारा किया गया है, उनकी समीक्षा भी कराई जाएगी ताकि लोगों को पूरी तरह न्याय मिल सके। प्रखंड स्तर से लेकर प्रमंडल स्तर तक अधिकारियों द्वारा दिए गए आदेशों की जांच होगी।
खेती के साथ पशुपालन और बागवानी पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने किसानों से कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पारंपरिक खेती पर निर्भर रहने के बजाय किसानों को समेकित खेती की ओर बढ़ना होगा। इससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी और जोखिम भी कम होगा।
गांवों से बाजार तक पहुंचेगा किसानों का उत्पाद
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के 45 हजार गांवों में किसानों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। सरकार की कोशिश है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले। साथ ही कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
महिलाओं को मिलेगा रोजगार और आर्थिक मजबूती
सीएम सम्राट चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत महिलाओं को 2 लाख 10 हजार रुपये तक की सहायता दी जा रही है। पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये दिए जा चुके हैं और जल्द ही दूसरी किश्त भी जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में वर्तमान में 48 लाख लखपति दीदी हैं। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में एक करोड़ जीविका दीदियों को लखपति बनाना है। इसके लिए जीविका निधि बैंक की व्यवस्था भी की गई है ताकि महिलाओं को आसानी से ऋण मिल सके।
125 यूनिट मुफ्त बिजली और किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार महंगी दर पर बिजली खरीदकर लोगों को सबसे सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध करा रही है। राज्य सरकार बिजली उपभोक्ताओं को 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी दे रही है। सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसानों को खेती के लिए आसानी से ऋण मिल सके।
किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 1 जून से 30 जून तक “खेत बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए किसान पंजीकरण और भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए पीएम किसान सम्मान निधि के सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
इसे भी पढ़ें : बिहार बनेगा स्टार्टअप हब! सम्राट चौधरी ने किया बिहार टेक पोर्टल का बड़ा ऐलान

