अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kolkata : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट से बड़ी खबर सामने आई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह उनका शव घर के पास बने पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।
सुबह जब पार्टी कार्यालय में उनका शव मिला तो इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से मिले कथित नोट की भी जांच की जा रही है।
25 साल तक रामपुरहाट की राजनीति में रहे आशीष बनर्जी
आशीष बनर्जी रामपुरहाट की राजनीति का जाना-पहचाना चेहरा थे। उन्होंने साल 2001 से 2026 तक लगातार विधानसभा में रामपुरहाट का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान वह ममता बनर्जी सरकार में डिप्टी स्पीकर की जिम्मेदारी संभाल चुके थे। इसके अलावा उन्हें स्कूल शिक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण विभागों का कामकाज भी सौंपा गया था।
2026 के विधानसभा चुनाव में भी तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें रामपुरहाट से मैदान में उतारा था। हालांकि इस बार उन्हें बीजेपी के ध्रुव साहा के हाथों 24 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में हार के बाद वह पहले की तुलना में राजनीति में कम सक्रिय नजर आ रहे थे। अब उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

चुनावी हार के बाद कम हो गई थी राजनीतिक सक्रियता
बीरभूम की राजनीति में आशीष बनर्जी को टीएमसी का मजबूत चेहरा माना जाता था। पार्टी के प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल के जिला अध्यक्ष रहने के दौरान भी वह जिले में पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। लंबे समय तक विधायक रहने के कारण इलाके में उनकी अच्छी राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी।
उनकी मौत ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 2026 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी को सत्ता से बाहर होना पड़ा और राज्य में उसके लंबे शासन का अंत हुआ। चुनाव के बाद पार्टी के कई पूर्व विधायक और नेता अलग-अलग मामलों को लेकर जांच के घेरे में भी रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आशीष बनर्जी ने खुदकुशी की या उनकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है। कथित सुसाइड नोट में क्या लिखा है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ होने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल से मिले सबूतों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
इसे भी पढ़ें : JPSC-JSSC आंदोलन के बीच CM हेमंत को धमकी, वीडियो वायरल होते ही आरोपी गिरफ्तार













