अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : विजयदशमी के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भुज एयरबेस पहुंचे और जवानों के बीच शस्त्र पूजा की। इस मौके पर उन्होंने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने सर क्रीक इलाके में कोई हिमाकत की, तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि “इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे.”
सर क्रीक विवाद की पृष्ठभूमि
सर क्रीक गुजरात के कच्छ क्षेत्र और पाकिस्तान के सिंध प्रांत के बीच स्थित लगभग 96 किलोमीटर लंबी संकरी जलधारा है. 1914 के एक समझौते में इसे लेकर सीमा रेखा तय की गई थी, लेकिन पाकिस्तान पश्चिमी तट को सीमा मानता है जबकि भारत के अनुसार सीमा मध्य रेखा पर है। यही विवाद दशकों से चला आ रहा है।
सामरिक दृष्टि से अहम इलाका
सर क्रीक का महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह इलाका अरब सागर और पाकिस्तान के कराची पोर्ट से सटा हुआ है। यहां हाइड्रोकार्बन और प्राकृतिक गैस के भंडार की भी संभावना है। यही वजह है कि पाकिस्तान लगातार इस क्षेत्र पर दावा करता रहा है।
ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र
रक्षा मंत्री ने कहा कि हाल में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक तक भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की कोशिश की, लेकिन भारत की सेनाओं ने पाकिस्तानी एयर डिफेंस को पूरी तरह एक्सपोज कर दिया. उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन दुनिया को यह संदेश देता है कि भारत की सेनाएं जब चाहें, जहां चाहें और जैसे चाहें दुश्मन को जवाब देने में सक्षम हैं।
पाकिस्तान की नीयत पर सवाल
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत कई बार बातचीत से समाधान चाहता है, लेकिन पाकिस्तान की नीयत साफ नहीं है। हाल ही में उसने सर क्रीक से सटे इलाकों में मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया है. उन्होंने दोहराया कि अगर पाकिस्तान ने कोई भी हिमाकत की तो भारत की सेनाएं उसे ऐसा जवाब देंगी कि कराची तक जाने का रास्ता साफ हो जाएगा।
इसे भी पढ़ें : CM की सुरक्षा में बड़ी चूक, Z+ सुरक्षा के बावजूद करीब पहुंचा शख्स

