अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में ग्रामीण विकास की रीढ़ माने जाने वाले झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के हजारों कर्मियों के लिए आखिरकार वह दिन आ गया, जिसका उन्हें लंबे समय से इंतजार था। सरकार ने JSLPS की नई मानव संसाधन व्यवस्था यानी HR पॉलिसी को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ न सिर्फ कर्मचारियों की सैलरी और सुविधाओं में बड़ा बदलाव होगा, बल्कि करीब 1300 नए पद भी सृजित किए जाएंगे। इससे एक तरफ कर्मचारियों का भविष्य ज्यादा सुरक्षित होगा तो दूसरी ओर राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे। इस पूरी पहल के पीछे ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की सक्रिय भूमिका रही। लंबे समय से JSLPS कर्मी नई HR पॉलिसी लागू करने की मांग कर रहे थे। अब सरकार की मंजूरी मिलने के बाद कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है।
अब सिर्फ काम नहीं, मेहनत का बेहतर सम्मान भी मिलेगा
JSLPS के कर्मचारी वर्षों से ग्रामीण इलाकों में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। लेकिन लंबे समय से वेतन और सुविधाओं को लेकर उनकी कई मांगें लंबित थीं। नई HR पॉलिसी इन्हीं जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।
नई व्यवस्था के तहत L-5 से L-8 स्तर तक के कर्मचारियों के वेतन में 60 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। बदलते दौर में डिजिटल कामकाज की जरूरत को देखते हुए लैपटॉप और संचार भत्ते में भी वृद्धि की गई है। इतना ही नहीं, पहली बार कर्मचारियों को शिक्षा भत्ता और व्यावसायिक विकास भत्ता भी मिलेगा। इससे उनके परिवार के बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ कर्मचारियों के कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को भी नई पॉलिसी में खास जगह दी गई है। अब JSLPS के कर्मी हर महीने स्वास्थ्य लाभ के मद में एक हजार रुपये तक का दावा कर सकेंगे। यह सुविधा कर्मचारियों की नियमित स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होगी।
बीमा सुरक्षा बढ़ी, परिवार को भी मिलेगा बड़ा सहारा
नई HR पॉलिसी केवल वेतन बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा को भी मजबूत करती है। पात्र कर्मियों को अब ग्रेच्युटी का लाभ मिलेगा। प्रखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के क्षेत्र भ्रमण भत्ते में बढ़ोतरी की गई है, जबकि पहली बार जिला स्तर के कर्मचारियों को भी फील्ड विजिट के लिए भत्ता मिलेगा।
सबसे बड़ा बदलाव बीमा सुविधाओं में किया गया है। समूह व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा की राशि 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं समूह मेडिक्लेम बीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर सीधे 20 लाख रुपये कर दिया गया है। इसका सीधा फायदा कर्मचारियों और उनके परिवारों को गंभीर बीमारी या किसी आकस्मिक चिकित्सा स्थिति में मिलेगा।
1300 नए पदों से युवाओं को मिलेगा रोजगार का मौका
नई HR पॉलिसी का एक बड़ा पहलू रोजगार सृजन भी है। इसके तहत JSLPS में करीब 1300 अतिरिक्त पद बनाए जाएंगे। इससे संस्था को जमीनी स्तर पर योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी। साथ ही झारखंड के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि JSLPS के कर्मियों के सुरक्षित, समृद्ध और खुशहाल भविष्य के लिए यह सरकार का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की यह मांग लंबे समय से लंबित थी और अब इसे पूरा कर सरकार ने उनके विश्वास को मजबूत किया है।
मंत्री ने भरोसा जताया कि नई मानव संसाधन व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, संस्था की कार्यक्षमता में सुधार आएगा और ग्रामीण विकास की योजनाओं को नई गति मिलेगी। उनका कहना है कि आने वाले समय में JSLPS न सिर्फ बेहतर प्रदर्शन करेगा, बल्कि झारखंड के ग्रामीण विकास मॉडल को नई पहचान भी दिलाएगा।
इसे भी पढ़ें : आग से लड़ने को तैयार 58 नये साथी, CM हेमंत बोले- संकरी गलियों तक भी पहुंचेगी दमकल











