अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : सरकारी दफ्तरों का नाम आते ही लंबी कतारें, असहज माहौल और उलझनें याद आ जाती हैं। लेकिन पाकुड़ सदर अंचल कार्यालय में अब यह तस्वीर धीरे धीरे बदल रही है। गुड गवर्नेंस वीक के अवसर पर डीसी मनीष कुमार ने यहां मंईया कक्ष, ऊर्जा कक्ष और हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया, जिसने आम लोगों के अनुभव को मानवीय स्पर्श दिया है। कार्यालय परिसर में उस दिन सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं था। सजावट, मुस्कुराते चेहरे और सहज माहौल यह संकेत दे रहे थे कि प्रशासन अब कागजों से बाहर निकलकर लोगों की जरूरतों को समझने की कोशिश कर रहा है।
महिलाओं के लिए सुकून की जगह
मंईया कक्ष की शुरुआत खास तौर पर महिलाओं को ध्यान में रखकर की गई है। गांवों से आने वाली महिलाएं, बुजुर्ग और माताएं अक्सर घंटों इंतजार करती हैं। अब उनके लिए एक ऐसी जगह है, जहां वे सम्मान और सुविधा के साथ बैठ सकें। यह छोटा सा कक्ष महिलाओं के लिए बड़ा भरोसा बनकर उभरा है।
इंतजार भी अब थकाने वाला नहीं
अंचल कार्यालय आने वाले लोग अब ऊर्जा कक्ष में बैठकर कुछ देर राहत महसूस कर सकते हैं। लंबे समय से खड़े रहकर काम का इंतजार करने की मजबूरी अब कम होगी। यह व्यवस्था बताती है कि प्रशासन ने नागरिकों की छोटी लेकिन अहम परेशानियों को समझा है।

हेल्प डेस्क, जहां सवालों को सुना जाता है
अक्सर लोग यह नहीं समझ पाते कि किस काम के लिए कहां जाना है। इसी उलझन को दूर करने के लिए हेल्प डेस्क की शुरुआत की गई है। यहां आम लोग अपनी समस्या रख सकते हैं और सही दिशा में मार्गदर्शन पा सकते हैं। इससे समय भी बचेगा और बेवजह की भागदौड़ भी कम होगी।
गुड गवर्नेंस का असली मतलब
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि एक ओर जिले में क्रिसमस का उत्साह है, वहीं दूसरी ओर गुड गवर्नेंस वीक के तहत प्रशासन अपनी जिम्मेदारी को नए तरीके से निभा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि प्रशासन तभी सफल है, जब आम आदमी को दफ्तर में सहज और सम्मानित महसूस हो।
पूरे जिले में लागू होगा मॉडल
इस पहल से उत्साहित डीसी ने संकेत दिया कि आने वाले एक से दो महीनों में यही व्यवस्था जिले के सभी छह प्रखंडों में लागू की जाएगी। इसका मतलब यह है कि सिर्फ सदर अंचल ही नहीं, बल्कि दूरदराज के इलाकों में भी लोग इसी तरह की सुविधा का अनुभव कर सकेंगे।
इसे भी पढ़ें : सरकारी स्कूलों से उठी उम्मीद, स्कॉच अवार्ड तक पहुंचा पाकुड़



