अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची की बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ ने विभागीय अफसरों पर बड़ा हमला बोला है। संघ के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राजधानी के लोग रोज़ अंधेरे में जी रहे हैं, जबकि विभाग के अधिकारी मलाई काट रहे हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग में कार्यपालक अभियंता, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर जैसे अधिकारी पाँच-पाँच साल से एक ही जगह पर जमे हुए हैं। नियम के मुताबिक तीन साल बाद अधिकारियों का तबादला होना चाहिए, लेकिन राजधानी में यह नियम ताक पर रख दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया – “सरकार इन भ्रष्ट अफसरों को क्यों नहीं हटा पा रही? आखिर इनके पीछे किसका संरक्षण है?”
उपभोक्ताओं से हो रही है लूट
संघ अध्यक्ष ने बिजली विभाग पर उपभोक्ताओं से खुली लूट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा –
- उपभोक्ताओं को डेढ़ साल का एक साथ मनमाना बिजली बिल थमा दिया जाता है।
- किसी पर दो लाख तो किसी पर पाँच लाख रुपये तक का झूठा बकाया दिखा दिया जाता है।
- गरीब परिवारों पर करोड़ों रुपये का फर्जी बिल चढ़ाया जा रहा है।
- छोटे दुकानदारों और मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के कनेक्शन बिना नोटिस काट दिए जाते हैं।
- स्मार्ट मीटर के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है, लेकिन शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं होती।
रोजाना हो रही लंबी कटौती
अजय राय ने बताया कि राजधानी के हिनू, डोरंडा, बूटी मोड़, लालपुर, कोकर, कांके रोड, रातू रोड, कांटाटोली, चुटिया, HEC और धुर्वा जैसे इलाकों में रोजाना 5 से 6 घंटे तक अंधाधुंध बिजली कटौती हो रही है। इससे पूरे शहर में त्राहिमाम की स्थिति है, लेकिन विभागीय अफसर चुप बैठे हैं।
मुख्यमंत्री से की मांग
संघ ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि –
- राजधानी की बिजली व्यवस्था पर तुरंत उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हो।
- तीन साल से जमे अधिकारियों को हटाकर उनकी भूमिका की जांच की जाए।
- उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के लिए विशेष टास्क फोर्स बनाई जाए।
आंदोलन की चेतावनी
अजय राय ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कार्रवाई नहीं की तो श्रमिक संघ जनता को साथ लेकर राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगा। उन्होंने कहा – “अब जनता अंधेरे में जीने को मजबूर नहीं रहेगी। भ्रष्ट अफसरों और बिजली माफिया का चेहरा उजागर किया जाएगा। यह लड़ाई आर-पार की होगी।”
इसे भी पढ़ें : एक दर्जन पुलिसवालों को खौ’फनाक मौ’त देने वाले खूंखार अपटन का चैप्टर क्लोज, जानें उसके अपराध की पूरी गाथा

