अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Garhwa (Nityanand Dubey) : स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 की तैयारी अब जिले में भी तेज हो गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय युवा उत्सव के आयोजन की रूपरेखा तय कर ली है।
समाहरणालय में डीसी ने दी जानकारी
डीसी दिनेश यादव ने बताया कि युवा उत्सव का जिला स्तरीय आयोजन 19 दिसंबर 2025 को सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय, गढ़वा में किया जाएगा। इसमें जिले भर के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आगे की प्रतियोगिताओं का पूरा शेड्यूल
उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तर के बाद चयनित प्रतिभागी प्रमंडल और राज्य स्तर पर अपनी कला दिखाएंगे। प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता 22 दिसंबर 2025 को होगी। राज्य स्तर की प्रतियोगिता 26 और 27 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित है।
इन प्रतियोगिताओं में दिखेगी युवाओं की प्रतिभा
युवा उत्सव के दौरान सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें सामूहिक लोकनृत्य और लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता शामिल हैं। इन विधाओं के माध्यम से युवाओं को अपनी रचनात्मक सोच और सांस्कृतिक विरासत को सामने रखने का अवसर मिलेगा।
राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर
जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी प्रमंडल स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। प्रमंडल स्तर के विजेता राज्य स्तर पर जाएंगे और राज्य स्तर से चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवाओं के लिए सशक्त मंच
उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि युवा उत्सव युवाओं की रचनात्मकता, संस्कृति और नेतृत्व क्षमता को निखारने का एक मजबूत मंच है। जिला प्रशासन आयोजन को सफल और सुचारू बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर रहा है।
आयोजन के लिए समितियों का गठन
सफल आयोजन को लेकर जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर पर अलग अलग आयोजन समितियों का गठन किया जाएगा। जिला और प्रमंडल स्तर पर होने वाले खर्च की जिम्मेदारी जिला खेल पदाधिकारियों को दी गई है। रांची में खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय की बैठक के बाद सभी आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : भरोसा तोड़ा, आबरू लूटी और घर उजाड़ा, अब कोर्ट ने सुनाया ऐतिहासिक फैसला

