अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Dhanbad : धनबाद के रांगा टांड़ थाना क्षेत्र की रेलवे कॉलोनी स्थित नेताजी क्लब के पास शनिवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुछ उपद्रवियों ने एक परिवार पर फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि परिवार ने युवकों को वहां शराब पीने और मजमा लगाने से मना किया था, जिससे नाराज होकर उपद्रवियों ने हमला बोल दिया।
गाली-गलौज और मारपीट के बाद चली चार गोलियां
घटना के दौरान छह से अधिक की संख्या में आए उपद्रवियों ने पहले परिवार के सदस्यों से गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उन्होंने चार राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनते ही मोहल्ले में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए।
स्पॉट से तीन खोखा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही रांगा टांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे लंबे समय से युवकों को वहां शराब पीने से मना करते आ रहे थे, लेकिन शनिवार को मामला हिंसक हो गया।
एसएसपी बोले – जल्द गिरफ्तार होंगे सभी आरोपी
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी आरोपित जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
इसे भी पढ़ें : मामूली सी चूक पर टपका डाला रेस्टुरेंट संचालक को… जानें मामला

