अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नवंबर 2026 में रेलवे की पांच अलग-अलग भर्तियों के लिए आवेदन करने का मौका मिल रहा है। इन भर्तियों के जरिए कुल 9,249 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। खास बात यह है कि 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इन भर्तियों में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB), नॉर्दर्न रेलवे, सेंट्रल रेलवे और रेल मंत्रालय के अधीन काम करने वाली कंपनी राइट्स लिमिटेड शामिल हैं। पदों के अनुसार उम्मीदवारों को स्टेशन मास्टर, अप्रेंटिस, चीफ लॉ असिस्टेंट, जूनियर ट्रांसलेटर और अन्य पदों पर नौकरी पाने का मौका मिलेगा। इन भर्तियों की आवेदन प्रक्रिया की अंतिम तिथियां 25 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 के बीच निर्धारित की गई हैं। ऐसे में उम्मीदवारों को अपनी योग्यता और संबंधित भर्ती की अंतिम तारीख देखकर समय रहते आवेदन करना चाहिए।
RRB स्टेशन मास्टर और आइसोलेटेड कैटेगरी में भी भर्ती
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने CEN 08/2026 के तहत स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन करने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की उम्र 1 जनवरी 2027 तक 20 से 33 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयुसीमा में छूट मिलेगी।
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-6 के तहत शुरुआती बेसिक सैलरी 35,400 रुपये प्रतिमाह मिलेगी। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 है, जबकि आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख 27 नवंबर निर्धारित की गई है। वहीं, RRB ने CEN 09/2026 के तहत आइसोलेटेड कैटेगरी के 190 से अधिक पदों पर भी भर्ती निकाली है। इसमें चीफ लॉ असिस्टेंट, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, जूनियर ट्रांसलेटर, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर और लैब असिस्टेंट समेत सात तरह के पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को 12वीं पास से लेकर संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन, कानून की डिग्री और निर्धारित अनुभव की जरूरत हो सकती है। आयुसीमा भी पद के अनुसार 18 से 30, 32, 33, 35 या 40 साल तक रखी गई है। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार 19,900 रुपये से लेकर 44,900 रुपये तक शुरुआती बेसिक वेतन मिलेगा। इस भर्ती के लिए 4 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे तक आवेदन किया जा सकता है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 6 दिसंबर है।
नॉर्दर्न और सेंट्रल रेलवे में 7,512 अप्रेंटिस पदों पर मौका
रेलवे में अप्रेंटिसशिप करने के इच्छुक युवाओं के लिए नॉर्दर्न रेलवे और सेंट्रल रेलवे ने बड़ी संख्या में पद निकाले हैं। नॉर्दर्न रेलवे में अप्रेंटिस के कुल 4,651 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके अलावा संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र भी होना चाहिए।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवारों की उम्र 11 दिसंबर 2026 तक 15 से 24 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार आयुसीमा में छूट मिलेगी। चयनित उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप के नियमों के अनुसार स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।
दूसरी ओर, सेंट्रल रेलवे ने अप्रेंटिस के 2,861 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती में भी 10वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक और संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से आईटीआई प्रमाणपत्र होना जरूरी है। उम्मीदवारों की उम्र 3 नवंबर 2026 तक 15 से 24 साल के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयुसीमा में छूट मिलेगी।
सेंट्रल रेलवे में अप्रेंटिसशिप की अवधि एक साल होगी। इस दौरान चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 9,600 रुपये स्टाइपेंड दिया जाएगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक है। उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन से पहले संबंधित ट्रेड और शैक्षणिक योग्यता की शर्तों को अच्छी तरह जांच लें।
राइट्स लिमिटेड में ग्रेजुएट, डिप्लोमा और ITI पास के लिए भर्ती
रेल मंत्रालय के अधीन राइट्स लिमिटेड ने भी अप्रेंटिस के 281 पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को मौका दिया गया है। कुल पदों में 125 इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, 43 नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट, 62 डिप्लोमा और 51 आईटीआई अप्रेंटिस के पद शामिल हैं।
इंजीनियरिंग ग्रेजुएट पदों के लिए BE, BTech या BArch पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं, नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट पदों के लिए BA, BBA, BCom, BSc और BCA जैसी डिग्री रखने वाले उम्मीदवार पात्र हैं। डिप्लोमा पदों के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिप्लोमा और आईटीआई पदों के लिए संबंधित ट्रेड में आईटीआई पास होना जरूरी है।
इस भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 साल रखी गई है। अधिकतम आयुसीमा विज्ञापन में निर्धारित नहीं की गई है। चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने 10,560 रुपये से 15,650 रुपये तक स्टाइपेंड मिलेगा। आवेदन की अंतिम तारीख 25 नवंबर 2026 है। रेलवे की इन पांचों भर्तियों में अलग-अलग योग्यता और आयुसीमा निर्धारित की गई है। इसलिए उम्मीदवार आवेदन करने से पहले संबंधित भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें। आवेदन फॉर्म में किसी तरह की गलती से बचें और अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना प्रक्रिया पूरी कर लें।
इसे भी पढ़ें : रांची के तत्कालीन LRDC, 3 सब-रजिस्ट्रार और 2 सीओ ACB के शिकंजे में… जानें क्यों






