अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : करवाचौथ का त्योहार इस साल भी धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पूरे दिन बिना पानी और भोजन के रहना कई बार सेहत पर असर डाल देता है। कई महिलाएं डिहाइड्रेशन, कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत करती हैं। ऐसे में एक्सपर्ट्स मानते हैं कि व्रत से पहले सही डाइट लेने से इन परेशानियों से बचा जा सकता है।
व्रत से पहले क्या खाएं और किन चीजों से बचें
दिल्ली के एक नामी अस्पताल की सीनियर डाइटिशियन का कहना है कि व्रत से एक दिन पहले महिलाओं को तला-भुना, मसालेदार और जंक फूड बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। ये फूड्स शरीर में प्यास बढ़ाते हैं और पाचन तंत्र को भी कमजोर करते हैं। इसके बजाय दाल, रोटी, हरी सब्जियां, खिचड़ी, दही, छाछ, नारियल पानी और हल्के मीठे खाद्य पदार्थ खाना बेहतर रहता है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बेहद जरूरी है।
सरगी में क्या खाएं ताकि एनर्जी बनी रहे
करवाचौथ की शुरुआत सुबह 4 से 6 बजे के बीच सरगी की रस्म से होती है। डाइटिशियन के अनुसार सरगी में पानी से भरपूर फल जैसे तरबूज और खीरा खाना चाहिए। दही, छाछ, नारियल पानी और खजूर लेने से पूरे दिन के लिए एनर्जी मिलती है। लेकिन केले से बचने की सलाह दी जाती है, क्योंकि यह दिनभर प्यास बढ़ा सकता है।
किन महिलाओं को व्रत से बचना चाहिए
एक्सपर्ट्स का कहना है कि प्रेग्नेंट महिलाएं, स्तनपान कराने वाली माताएं, डायबिटीज या अन्य गंभीर बीमारी से जूझ रही महिलाएं निर्जला व्रत न रखें। अगर धार्मिक कारणों से व्रत रखना ही है, तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। सेहत का ध्यान रखते हुए ही करवाचौथ का व्रत करना सबसे बेहतर है, ताकि त्योहार की खुशियों में किसी तरह की रुकावट न आए।
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदल सकता है मौसम, कई जगह होगी बरसात

