अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Buxar (Bihar) : बक्सर जिले के डुमरांव विधानसभा क्षेत्र में शनिवार रात बड़ा बवाल हो गया। दिल्ली के सांसद और फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी जब एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी राहुल कुमार सिंह के साथ रोड शो कर रहे थे, तभी अरियांव ब्रह्म स्थान के पास कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। रोड शो जैसे ही ब्रह्म बाबा स्थल के पास पहुंचा, वहां मौजूद युवकों ने अचानक “लालू यादव ज़िंदाबाद” और “नीतीश कुमार मुर्दाबाद” के नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते विरोध कर रहे युवकों ने लाठी-डंडे और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान वहां भगदड़ मच गई। भीड़ के बीच से मनोज तिवारी किसी तरह बचकर सुरक्षित निकल गए। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें सुरक्षा प्रदान की।
एफआईआर दर्ज, 25-30 पर मामला, 6 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद मनोज तिवारी ने बक्सर एसपी शुभम आर्य और निर्वाचन आयोग से शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिध्युक्त दंडाधिकारी धनजी सिंह के बयान पर कृष्णाब्रह्म थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने 25 से 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें 11 नामजद और बाकी अज्ञात हैं। अब तक गिरफ्तार लोगों में सोनू कुमार, सुमन कुमार, गोरख यादव, रोहित कुमार, अरुण यादव और मुकेश यादव शामिल हैं। बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
नामजद आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस के अनुसार, अन्य नामजद आरोपी – सोनू यादव, उमेश यादव, भुअर यादव, नीतेश यादव, रोहित यादव और निरज यादव – सभी अरियांव दक्षिण टोला के रहने वाले हैं। पूछताछ के लिए पुलिस ने गिरफ्तार छह लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
मनोज तिवारी ने ट्वीट कर जताई नाराजगी
घटना के बाद सांसद मनोज तिवारी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उनके रोड शो पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने चुनाव आयोग से सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसे भी पढ़ें : भागलपुर में गरजे नीतीश, बोले- लालू परिवार ने सिर्फ अपना घर भरा… देखें वीडियो

