अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और धाकड़ बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने अपने करियर में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले में रोहित ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 20,000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही वे इस एलिट क्लब में शामिल होने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले केवल सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ ही यह कीर्तिमान हासिल कर पाए थे।
सचिन-कोहली-ड्रविड़ की लीग में शामिल हुए रोहित
सचिन तेंदुलकर के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुल 34,357 रन दर्ज हैं और वे इस सूची में सबसे ऊपर हैं। विराट कोहली अब तक 27,910 रन बना चुके हैं, वहीं राहुल द्रविड़ ने अपने करियर में 24,208 रन जोड़े। अब रोहित भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बन गए हैं, जिससे भारतीय क्रिकेट में उनकी उपलब्धियों का महत्व और बढ़ जाता है।
रोहित का शानदार इंटरनेशनल करियर
रोहित शर्मा ने अब तक 67 टेस्ट मैचों में 4,301 रन बनाए हैं, जिनमें 12 शतक शामिल हैं। वनडे क्रिकेट में उनका प्रदर्शन और भी शानदार रहा है, जहाँ उन्होंने 278 मैचों में 11,516* रन बनाए हैं। रोहित टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4,231 रन भी बना चुके हैं। गौरतलब है कि रोहित अब केवल वनडे प्रारूप में ही भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, क्योंकि वे टेस्ट और टी20I से संन्यास ले चुके हैं।
तीसरे वनडे में जड़ा अर्धशतक
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे वनडे में रोहित ने 54 गेंदों पर अपना 61वां अर्धशतक लगाया। यशस्वी जायसवाल के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी की। यह वनडे में रोहित की 35वीं शतकीय ओपनिंग साझेदारी है। उनसे आगे केवल सचिन तेंदुलकर (40) हैं।
इस सीरीज में यह रोहित का दूसरा अर्धशतक है और 2013 के बाद पहली बार भारत की ओपनिंग जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 100+ की पार्टनरशिप की।
इसे भी पढ़ें : हवाई किराये पर लगाम, सरकार ने फिक्स किया रेट… जानें

