अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Utter pradesh : यूपी के सीतापुर जिले के महमूदाबाद इलाके से रिश्तों को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने पति के साथ-साथ अपने प्रेमी के साथ भी रहना चाहती है। महिला का कहना है कि वह दोनों के नाम का सिंदूर अपनी मांग में भरती है, इसलिए उसे पति और प्रेमी दोनों के साथ रहने दिया जाए। मामला परिवार के विरोध के बाद पुलिस तक पहुंच गया है। फिलहाल पुलिस तीनों की काउंसिलिंग कर रही है।
पति के पास आता-जाता था पत्नी का प्रेमी
महमूदाबाद क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने शुक्रवार देर शाम पुलिस को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया। महिला ने पुलिस से कहा कि वह अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है। उसने बताया कि वह दोनों के नाम का सिंदूर अपनी मांग में भरती है और दोनों के साथ ही अपना जीवन बिताना चाहती है। बताया जा रहा है कि महिला का पति और उसका प्रेमी पहले एक-दूसरे के काफी करीब थे और छोटे-बड़े भाई की तरह रहते थे। प्रेमी युवक अक्सर महिला के पति के पास आता-जाता था। दोनों साथ बैठकर खाना खाते थे। कई बार युवक महिला के घर पर भी रुक जाता था। इसी दौरान महिला और युवक के बीच नजदीकियां बढ़ती चली गईं। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद परिवार में रिश्तों का पूरा समीकरण बदल गया। अब महिला अपने पति के साथ-साथ प्रेमी के साथ भी रहने की बात पर अड़ी हुई है।
पति बोला, दोनों को नहीं छोड़ूंगा
इस मामले में सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि महिला का पति भी दोनों रिश्तों को खत्म करने के लिए तैयार नहीं है। पति का कहना है कि वह अपनी पत्नी और युवक, दोनों से संबंध खत्म नहीं करेगा। जरूरत पड़ी तो वह घर छोड़ने तक के लिए तैयार है, लेकिन दोनों को छोड़ना नहीं चाहता। महिला भी अपने फैसले पर कायम है। उसका कहना है कि वह अपने पति और प्रेमी दोनों के साथ रहना चाहती है। दंपती के दो बच्चे भी हैं। बच्चों को लेकर भी पति-पत्नी दोनों अपने-अपने साथ रखने की बात कह रहे हैं। शुरुआत में परिवार के स्तर पर इस मामले को लेकर कुछ सहमति बनाने की कोशिश हुई थी। कुछ समय के लिए मामला शांत भी रहा, लेकिन बाद में परिवार के दूसरे सदस्यों ने तीनों के एक साथ रहने का विरोध शुरू कर दिया। परिवार की आपत्ति बढ़ती गई और मामला विवाद में बदल गया।
परिवार के विरोध के बाद कोतवाली पहुंचा मामला
तीनों के एक साथ रहने के फैसले का परिवार के लोगों ने विरोध किया। विवाद बढ़ने के बाद मामला महमूदाबाद कोतवाली पहुंचा। दोनों पक्ष पुलिस के सामने पहुंचे और काफी देर तक बातचीत हुई। पुलिस ने महिला, उसके पति और युवक से पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें समझाने की कोशिश की। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने भी विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, परिवार के विरोध के बावजूद महिला, उसका पति और प्रेमी अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इसके चलते बातचीत के बाद भी कोई अंतिम समाधान नहीं निकल सका। पुलिस के पास महिला की ओर से शिकायती प्रार्थनापत्र दिया गया है, लेकिन फिलहाल इस मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस तीनों की काउंसिलिंग कर रही है और परिवार के लोगों को भी समझाने का प्रयास किया जा रहा है। अब पुलिस की कोशिश है कि विवाद को बातचीत के जरिए शांत कराया जाए और बच्चों के हित को भी ध्यान में रखते हुए आगे की स्थिति स्पष्ट की जाए।
इसे भी पढ़ें : गंगा के रौद्र रूप से राघोपुर बांध में कटाव, 2.50 लाख बोरे के साथ 250 मजदूर मोर्चे पर



