अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के फूलपहाड़ी गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 साल के बच्चे की जान चली गई। घास काटने खेत गए बच्चे खेल-खेल में एक-दूसरे की ओर हंसुआ फेंककर पकड़ रहे थे। इसी दौरान हंसुआ उछलकर 12 वर्षीय अख्तर अंसारी के गले में जा धंसा। गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है।
खेल-खेल में हुआ हादसा, गले में धंसा हंसुआ
जानकारी के मुताबिक, बरहेट थाना क्षेत्र के तालबाड़िया गांव निवासी अख्तर अंसारी अपने नाना मंसूर अंसारी के घर फूलपहाड़ी में रहकर पढ़ाई करता था। रविवार दोपहर वह गांव के ही 14 वर्षीय मरुत अंसारी के साथ घास काटने के लिए खेत की ओर गया था। दोनों के पास घास काटने के लिए हंसुआ था।
बताया गया कि घास काटने के दौरान दोनों बच्चे हंसुआ एक-दूसरे की तरफ फेंककर लेने और देने का खेल कर रहे थे। इसी दौरान एक हंसुआ अचानक उछल गया और अख्तर के गले में जा धंसा। गले में गहरी चोट लगने के बाद वह बुरी तरह घायल हो गया। कुछ ही देर में अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी सन्नाटा पसर गया।
नाना ने लगाया जानबूझकर हत्या का आरोप, किशोर हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पाकुड़ भेज दिया है। इधर, मृतक के नाना मंसूर अंसारी ने लिट्टीपाड़ा थाने में आवेदन देकर अपने नाती की जानबूझकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।
प्रभारी थानेदार अनिल पंडित ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी 14 वर्षीय किशोर के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के दौरान वास्तव में क्या हुआ था, हंसुआ किस तरह उछला और इसमें किसी तरह की जानबूझकर की गई हरकत थी या नहीं, इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
इसे भी पढ़ें : डीसी ऋतुराज का सख्त फरमान- मुआवजे की फाइल अब अटकी तो नपेंगे अफसर



