अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Uttar Pradesh : उत्तर प्रदेश में पिछले एक-दो दिनों से जारी उमस और धूप से जल्द ही राहत मिलने वाली है। राज्य में मानसून एक बार फिर से रफ्तार पकड़ने जा रहा है। बुधवार तक राज्य के पूर्वी और मध्य इलाकों में बारिश थोड़ी कम रहेगी, लेकिन 13 अगस्त से पूर्वांचल के रास्ते मानसूनी हवाएं फिर से जोर पकड़ेंगी। इसके बाद बारिश का यह सिलसिला धीरे-धीरे मध्य और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ेगा। आने वाले दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश देखने को मिल सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में हवा का एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है। 12 अगस्त तक इसके कम दबाव के क्षेत्र यानी लो प्रेशर एरिया में बदलने की पूरी उम्मीद है। इसके बाद यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसी वजह से 13 अगस्त से पूरे प्रदेश में तेज बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है।
इन जिलों में दिखेगा बारिश का असर
13 अगस्त की सुबह 8:30 बजे से 14 अगस्त की सुबह 8:30 बजे के बीच प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है। इसमें मुख्य रूप से सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकरनगर के आसपास के इलाके शामिल हैं।
मानसून ट्रफ की स्थिति से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की ट्रफ लाइन इस समय अपनी सामान्य जगह से थोड़ा दक्षिण की तरफ बनी हुई है। जैसे ही बंगाल की खाड़ी वाला लो प्रेशर सिस्टम आगे बढ़ेगा और मानसून ट्रफ अपनी जगह बदलेगी, वैसे ही पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेजी से बढ़ जाएंगी। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत तो मिलेगी ही, साथ ही खेती-किसानी के काम में भी तेजी आएगी।
इसे भी पढ़ें : डिबडीह में पानी भरने की खबर मिलते ही पहुंचीं मेयर, फिर क्या हुआ… जानें











