अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का इंतजार खत्म हो गया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 3 अगस्त से शुरू कर दी है। जो अभ्यर्थी ग्रुप ‘सी’ की विभिन्न सरकारी भर्तियों में शामिल होना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 1 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने साफ कर दिया है कि आवेदन करने से पहले सभी उम्मीदवारों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करना होगा। बिना ओटीआर के आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इन तारीखों को जरूर याद रखें
पीईटी 2026 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 से शुरू हो चुकी है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 1 सितंबर 2026 तय की गई है। आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म में संशोधन करने की आखिरी तारीख 8 सितंबर 2026 होगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
पीईटी 2026 के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से हाईस्कूल (10वीं) या समकक्ष परीक्षा पास की हो। आयु सीमा 1 जुलाई 2026 के आधार पर तय की गई है। उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और अन्य पात्र श्रेणियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
ओटीआर करते समय रखें खास सावधानी
आयोग ने उम्मीदवारों को ओटीआर भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। नए ओटीआर में दर्ज किया गया मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी बाद में बदला नहीं जा सकेगा। इसलिए रजिस्ट्रेशन करते समय वही मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करें, जिसका इस्तेमाल आप भविष्य में भी कर सकें। ओटीआर पूरा होने के बाद उम्मीदवारों को आयोग की आने वाली भर्तियों में बार-बार अपनी मूल जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 185 रुपये रखा गया है। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 95 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क केवल 25 रुपये निर्धारित किया गया है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित, भूतपूर्व सैनिक, महिला और कुशल खिलाड़ी अभ्यर्थियों से उनकी मूल श्रेणी के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।
ऐसा होगा पीईटी 2026 का परीक्षा पैटर्न
पीईटी 2026 वस्तुनिष्ठ यानी एमसीक्यू आधारित परीक्षा होगी। इसमें कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और परीक्षा 100 अंकों की होगी। उम्मीदवारों को पेपर हल करने के लिए 2 घंटे का समय मिलेगा। हर सही उत्तर के लिए 1 अंक मिलेगा, जबकि गलत उत्तर देने पर एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी। इसलिए उम्मीदवारों को बिना सोचे-समझे जवाब देने से बचना होगा।
किन विषयों से आएंगे सवाल?
परीक्षा में सामान्य ज्ञान और स्कूली स्तर के कई विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तर्कशक्ति, समसामयिक घटनाएं, सामान्य जागरूकता, हिंदी अपठित गद्यांश और ग्राफ व तालिका आधारित प्रश्न शामिल रहेंगे। आयोग के अनुसार स्कूली विषयों से जुड़े सवाल एनसीईआरटी के माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर के पाठ्यक्रम पर आधारित होंगे।
क्यों जरूरी है पीईटी?
यूपीएसएसएससी की ग्रुप ‘सी’ की लगभग सभी प्रमुख भर्तियों में शामिल होने के लिए पीईटी पहली और सबसे अहम सीढ़ी है। आयोग इसी परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर उम्मीदवारों को आगे होने वाली मुख्य भर्ती परीक्षाओं के लिए शॉर्टलिस्ट करता है। पीईटी 2026 का स्कोर परिणाम घोषित होने की तारीख से तीन साल तक मान्य रहेगा। इसी स्कोर के आधार पर अभ्यर्थियों को विभिन्न भर्तियों की मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। अगर परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित होती है तो आयोग नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया अपनाकर अंतिम परिणाम जारी करेगा।
इसे भी पढ़ें : क्रॉसवर्ड के महासंग्राम में बेटियों का ‘नाइस’ दाव’, राष्ट्रीय पटल पर बिहार का भी बजा डंका



