अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बिहार कैबिनेट की अहम बैठक में कुल 41 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
पत्रकार पेंशन योजना में संशोधन
कैबिनेट ने पत्रकारों की पेंशन बढ़ाने का फैसला लिया है। अब जीवित पत्रकारों को 6,000 की जगह 15,000 रुपये मासिक पेंशन मिलेगी। वहीं, उनके निधन के बाद उनके पति या पत्नी को मिलने वाली पारिवारिक पेंशन 3,000 से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दी गई है।
राजगीर खेल अकादमी के लिए 1100 करोड़
राजगीर में बनने वाली अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अकादमी के लिए सरकार ने 1100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
बिहार के 5 जिलों में डेयरी प्लांट
दरभंगा, रोहतास, गया, सीतामढ़ी और गोपालगंज में नए डेयरी प्लांट खोले जाएंगे। इस परियोजना पर लगभग 317 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इनमें से एक प्लांट में दूध से मिल्क पाउडर भी बनाया जाएगा।
आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 115 करोड़
राज्य के करीब 1.25 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों में उपकरण, फर्नीचर और जरूरी बर्तनों की खरीद के लिए सरकार ने 115 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
सुपौल में पेयजल योजना को मंजूरी
सुपौल जिले के 23 पंचायतों के 63 गांवों में पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए सुरसर नदी के जल स्रोत से बहुउद्देशीय जलापूर्ति योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना पर लगभग 320 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दो केंद्रीय विद्यालयों को मंजूरी
दरभंगा और गोपालगंज में नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाएंगे। जमीन के लिए एक-एक रुपये की टोकन राशि पर स्वीकृति दी गई है।
पटना में दो बड़ी सड़क योजनाएं
- नेहरू पथ पर लोहिया पथ चक्र निर्माण के लिए 675 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी।
- एम्स से दीघा रेल-सह-सड़क पुल तक एलिवेटेड रोड और दो लेन सड़क के निर्माण के लिए 1368 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
छपरा में फ्लाईओवर निर्माण को हरी झंडी
छपरा जिले के गांधी चौक से नगर पालिका चौक तक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 696 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
अन्य महत्वपूर्ण निर्णय :
- बिहार राज्य युवा आयोग में 6 पदों की स्वीकृति दी गई है।
- पटना शहर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई है।
कैबिनेट की यह बैठक राज्य के विकास, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : नीतीश कैबिनेट में 24 प्रस्तावों पर मुहर, मां सीता की जन्मस्थली का 883 करोड़ से होगा विकास



