अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल में शनिवार तड़के बड़ा रेल हादसा हुआ। सुबह करीब 4:15 बजे चांडिल रेलवे स्टेशन से लगभग दो किलोमीटर दूर पोल संख्या 375/22 के पास दो मालगाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और इंजन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद ट्रैक पर मलबा फैल गया, जिससे अप और डाउन दोनों रेल लाइन पर परिचालन पूरी तरह बंद हो गया।
प्रारंभिक जांच में सिग्नल सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई गई है। हादसे के वक्त एक मालगाड़ी टाटानगर से बोकारो जा रही थी, जबकि दूसरी बोकारो से टाटानगर आ रही थी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्व रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्घटना राहत ट्रेन और मेडिकल टीम पहुंची। चालक दल के कुछ सदस्यों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी मशीनों से मलबा हटाने और ट्रैक बहाली का काम जारी है। हादसे के कारण चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर सभी यात्री और मालगाड़ियां रद्द कर दी गई हैं। कई ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। यात्रियों को हेल्पडेस्क और अनाउंसमेंट से लगातार जानकारी दी जा रही है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रैक बहाली में 24 घंटे से अधिक समय लग सकता है। यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और रेलवे की वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी लेने की अपील की गई है। हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
इसे भी पढ़ें : जंगल में घुसे जवानों ने तहस-नहस कर दिये तीन नक्सली बंकर

