अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकार रवि त्रिपाठी ने आज बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले, उन्होंने कल पुनौरा धाम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया था। अब वे बिहार प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के नेतृत्व में आगामी बिहार चुनाव में अपनी भूमिका निभाएंगे। रवि त्रिपाठी देश के वरिष्ठ राजनीतिक पत्रकारों में गिने जाते हैं और पिछले 24 वर्षों में उन्होंने देश की लगभग सभी बड़ी राजनीतिक गतिविधियों को कवर किया है। अपने सटीक विश्लेषण के लिए मशहूर त्रिपाठी ने लगातार 20 वर्षों तक ज़ी न्यूज़ में बतौर डिप्टी एडिटर काम किया।

बचपन से स्वयंसेवक रहे रवि त्रिपाठी संघ में पूर्णकालिक कार्यकर्ता भी रहे हैं। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति की शुरुआत की थी। वर्ष 1996 में वे दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष बने और 1998 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा। त्रिपाठी लंबे समय से दिल्ली में पूर्वांचल के छात्रों की सशक्त आवाज रहे हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद माना जा रहा है कि वे पार्टी के लिए मीडिया, संगठन और चुनावी रणनीति में अहम योगदान देंगे।
इसे भी पढ़ें : CM और डिप्टी सीएम ने पेड़ को बांधा रक्षा सूत्र… जानें क्यों

