अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य सरकार ने छह प्रमुख नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है। गृह विभाग की विशेष शाखा ने सोमवार सुबह इस संबंध में आदेश जारी कर दिए। जिन नेताओं की सुरक्षा बढ़ाई गई है, उनमें डिप्टी CM सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, बाढ़ के भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू और जदयू एमएलसी नीरज कुमार शामिल हैं। सरकार ने इन नेताओं की बढ़ती राजनीतिक गतिविधियों और जनसभाओं में उमड़ रही भीड़ को देखते हुए यह कदम उठाया है।
सम्राट चौधरी को Z+ सुरक्षा
डिप्टी CM सम्राट चौधरी को अब Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। पहले उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी। इसके साथ ही उनके लिए एडवांस सिक्योरिटी लाइजन (एएसएल) व्यवस्था भी लागू की गई है। अब उनके कार्यक्रम स्थल की पहले से जांच होगी और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के बाद ही उन्हें वहां जाने की अनुमति मिलेगी।
तेजस्वी यादव को Z श्रेणी की सुरक्षा
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को Z श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। विधानसभा सत्र के दौरान उनकी मां राबड़ी देवी ने उन पर जानलेवा हमले की आशंका जताई थी, जिसके बाद से उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग उठ रही थी। पहले तेजस्वी को Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त थी।
पप्पू यादव को Y+ सुरक्षा
पूर्णिया सांसद पप्पू यादव लंबे समय से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे थे। अब उन्हें Y+ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। इसी तरह अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह और बाढ़ से भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू को भी Y+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।
नीरज कुमार को Y श्रेणी सुरक्षा
जदयू एमएलसी नीरज कुमार को Y श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है।

इसे भी पढ़ें : PLFI ने किया झारखंड बंद का ऐलान, मार्टिन केरकेट्टा के ए’नकाउंटर पर किया यह दावा

