अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन का श्राद्ध भोज शनिवार को नेमरा गांव में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से कई बड़े राजनीतिक नेता और गणमान्य लोग शामिल हुए। श्राद्ध भोज को लेकर गोला से नेमरा तक के लगभग 25 किलोमीटर लंबे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हजारों की संख्या में पहुंचे नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की गाड़ियों के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो गई। इस दौरान जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जिससे पुलिस प्रशासन को व्यवस्था संभालने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद खुद सड़क पर उतर आए और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने लगे। उन्होंने कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों के साथ खड़े होकर गाड़ियों को सही दिशा में निकलवाया और लोगों से ओवरटेक न करने की अपील की।
इतना ही नहीं, मंत्री प्रसाद ने चेकपोस्ट पर रुककर खुद वाहनों को पार्किंग में लगवाने में सहयोग किया। उन्होंने पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रैफिक सुचारू बना रहे, ताकि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्राद्ध भोज में उमड़ी भारी भीड़ से यह साफ झलक रहा था कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन को लोग कितना सम्मान और प्यार करते थे। कार्यक्रम स्थल और आसपास पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसे भी पढ़ें : दिशोम गुरु के श्राद्ध भोज में पहुंचे राजनाथ सिंह, बोले- आदिवासी समाज ने अपना सबसे बड़ा योद्धा खो दिया

