अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे से स्पष्ट कहा कि खनन कार्य संपन्न हो जाने के बाद जमीन को भारत सरकार राज्य सरकार को वापस करें, ताकि उस जमीन को मूल रैयतों को लौटाया जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि खनन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के पुनर्वास, रोजगार, पर्यावरणीय संतुलन तथा आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता दी जाए। मौका था केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीश चंद्र दुबे के साथ हाई लेवल मीटिंग की। इस मौके पर केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि राज्य और केंद्र मिलकर समाधान तलाशेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड के विकास और लोगों की भलाई को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
बैठक में कोयला खनन गतिविधियों, पर्यावरणीय संतुलन, स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई। मौके पर मुख्यमंत्री ने झारखंड के हितों, खनन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों की भागीदारी, रोजगार सृजन, पर्यावरणीय संतुलन एवं राज्य सरकार को मिलने वाले राजस्व से संबंधित विषयों को प्रमुखता से रखा।
ये रहे मौजूद
इस बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी, खान सचिव अरवा राजकमल, खान निदेशक राहुल सिन्हा, सीएमपीडीआई के सीएमडी मनोज कुमार, बीसीसीएल के सीएमडी समीरन दत्ता, सीसीएल के सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह एवं बीसीसीएल के डीटी एम के अग्रवाल मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें : दिशोम गुरु को घोषित किया जाये ‘राज्य पिता’, JMM ने उठाई मांग

