अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : JMM यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज कुमार पांडेय ने CM हेमंत सोरेन से बड़ा आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को झारखंड का ‘राज्य पिता’ अधिसूचित किया जाए। पांडेय ने कहा कि झारखंड के निर्माण में शिबू सोरेन का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राज्य निर्माण के संघर्ष में लगा दिया। बचपन, जवानी और बुढ़ापा – सब कुछ उन्होंने आंदोलन को समर्पित कर दिया। आंदोलन के दौरान उन्हें अपमानित किया गया, षड्यंत्रों का शिकार होना पड़ा, जेल भी जाना पड़ा और यातनाएं भी झेलनी पड़ीं। लेकिन वे न कभी थके, न पीछे हटे और अंततः झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने में सफल हुए। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के निधन से पूरा राज्य शोकाकुल है। आज भी हर झारखंडी उनके जाने के दर्द और शून्यता को महसूस कर रहा है। यह खालीपन कभी भरा नहीं जा सकता।
मनोज पांडेय ने कहा कि जैसे भारत राष्ट्र महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए उन्हें ‘राष्ट्रपिता’ का दर्जा देता है और हर सरकारी कार्यालय में उनकी तस्वीर लगाना अनिवार्य है, वैसे ही झारखंड को भी अपने राज्य निर्माता दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रति कृतज्ञता दिखानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि राज्य सरकार उन्हें ‘राज्य पिता’ घोषित करे और हर सरकारी दफ्तर में उनकी तस्वीर लगाना अनिवार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन के तप, तपस्या और बलिदान के कर्ज को झारखंडी जनता कभी चुका नहीं सकती, लेकिन उन्हें ‘राज्य पिता’ का दर्जा देकर इस कर्ज को सम्मानपूर्वक स्वीकार जरूर कर सकती है।
अंत में उन्होंने CM हेमंत सोरेन से कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड बनवाया और अब आपकी जिम्मेदारी है कि आप इस राज्य को संवारें। पूरा झारखंड इस उम्मीद के साथ आपकी ओर देख रहा है।
इसे भी पढ़ें : एक अनदेखी से उजड़ गयी सरिता की खुशहाल दुनिया, सता रही तीन बच्चों के परवरिश की चिंता

