अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा रिमांड होम यानी संप्रेक्षण गृह से बुधवार तड़के दो बाल कैदियों के फरार होने की खबर से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि दोनों किशोर सुबह करीब तीन बजे अंधेरे का फायदा उठाकर पीछे की दीवार की ओर से भाग निकले। हालांकि इस घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संप्रेक्षण गृह में तैनात कुछ सुरक्षा कर्मियों ने दबी जुबान से घटना की जानकारी दी है। सूत्रों के अनुसार, भागने के दौरान परिसर में रोशनी की कमी रही और बाल कैदियों ने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरारी की।
पुलिस अलर्ट, छापेमारी शुरू
घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। दोनों किशोरों की तलाश में सघन छापेमारी चल रही है और आसपास के सभी थानों को सतर्क कर दिया गया है। साथ ही संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, फरार बाल कैदियों में से एक पश्चिमी सिंहभूम जिले के टेबो थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि दूसरा सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा का निवासी है। फिलहाल पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इसे भी पढ़ें : तीन मासूम बच्चों से छिन गया ममता का आंचल, अब इनका रखवाला कौन…

