अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : CM हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण सह मेधा सम्मान समारोह में युवाओं की शिक्षा और रोजगार को लेकर कई बड़े ऐलान किए। इस अवसर पर उन्होंने 975 नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, सहायक आचार्यों और प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। साथ ही जैक, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड तथा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के टॉपर्स और आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और आने वाले दिनों में कई और कदम उठाए जाएंगे।

नेतरहाट स्कूल में लड़कियों का नामांकन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब नेतरहाट आवासीय विद्यालय में लड़कियों का भी नामांकन होगा। साथ ही नेतरहाट की तर्ज पर तीन और विद्यालय खोले जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब यहां पढ़ाई सीबीएसई बोर्ड से होगी और अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई कराई जा रही है, ताकि सरकारी स्कूलों के छात्र निजी विद्यालयों से पीछे न रहें।

उत्कृष्ट विद्यालयों में बढ़ रही होड़
सीएम ने बताया कि अब मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में बच्चों के नामांकन की होड़ लगी हुई है। कई निजी विद्यालयों के छात्र भी इन स्कूलों में दाखिला ले रहे हैं, जो इस बात का सबूत है कि सरकारी विद्यालय अब निजी स्कूलों से किसी मामले में कम नहीं हैं।

विद्यार्थियों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
- बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को सम्मान राशि, लैपटॉप और मोबाइल फोन दिए जा रहे हैं।
- जैक बोर्ड के टॉपर्स को स्कूटी भी दी गई।
- विदेश में पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप दी जाएगी।
- गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत छात्रों को बिना गारंटी 15 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
- विभिन्न छात्रवृत्तियों की राशि भी बढ़ाई गई है।
सीएम ने यह भी आश्वासन दिया कि अब बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को परिणाम प्रकाशित होने के तुरंत बाद सम्मान राशि दी जाएगी, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई में किसी तरह की आर्थिक दिक्कत न हो।
शिक्षकों को मिला नियुक्ति पत्र
समारोह में मुख्यमंत्री ने 33 नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों, 909 सहायक आचार्यों (गणित और विज्ञान) और 33 प्रयोगशाला सहायकों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपा।
समारोह में हुआ सम्मान
- जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के टॉपर्स को 3 लाख रुपये की सम्मान राशि, लैपटॉप और स्मार्टफोन प्रदान किया गया।
- मुख्यमंत्री स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर्स को लैपटॉप और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
- 10वीं बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत रिजल्ट देने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया।
- आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।
- विद्यालय प्रमाणीकरण योजना में स्वर्ण श्रेणी हासिल करने वाले विद्यालयों को भी सम्मानित किया गया।
सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। यदि हर कोई अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी से योगदान दे तो झारखंड शिक्षा और विकास के क्षेत्र में पूरे देश में अलग पहचान बना सकता है।
ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में मंत्री राधाकृष्ण किशोर, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह और राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन भी मौजूद थे।

इसे भी पढ़ें : समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी : CM हेमंत




