अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग में अवैध शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब और कच्चा माल जब्त किया, साथ ही शराब बनाने वाली भट्ठियों को नहस-नहस कर दिया। हजारीबाग पुलिस कप्तान अंजनी अंजन के निर्देश पर बरही SDPO के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई थी। यह टीम दो जेसीबी मशीनों के साथ भगहर भंडार गांव और परसातरी के जंगली इलाकों में पहुंची। यहां पुलिस ने विभिन्न जगहों पर बनी अवैध शराब की करीब 12 भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
भारी मात्रा में शराब और कच्चा माल नष्ट
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 60,000 किलो जावा महुआ और 5,000 लीटर तैयार महुआ शराब को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा पुलिस ने 500 ड्रम, 50 एल्युमिनियम का डेगचा और शराब बनाने के कई उपकरण भी बरामद किए।
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब धंधे में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
इसे भी पढ़ें : एक दर्जन पुलिसवालों को खौ’फनाक मौ’त देने वाले खूंखार अपटन का चैप्टर क्लोज, जानें उसके अपराध की पूरी गाथा

