अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Muzaffarpur : बिहार के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर जिले के बेला औद्योगिक क्षेत्र, फेज-2 में नई रेडिमेड गारमेंट्स इकाई स्थापित करने की मंजूरी दी है। यह इकाई M/s Gogreen Apparel Limited द्वारा लगाई जा रही है, जिसमें 2,336.22 लाख रुपये (23.36 करोड़ रुपये) का निजी पूंजी निवेश होगा। इस फैक्ट्री की सालाना उत्पादन क्षमता 55 लाख पीस रेडिमेड गारमेंट्स की होगी।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस इकाई की स्थापना से पहले कंपनी को जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने की शर्त रखी गई थी। इसमें भूमि से संबंधित कागजात, परियोजना प्रतिवेदन, बैंक एप्रेजल रिपोर्ट और बैंक ऋण स्वीकृति पत्र शामिल थे। सभी शर्तें पूरी करने के बाद ही राज्य सरकार ने वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी दी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रोत्साहन की राशि का वितरण वास्तविक परियोजना व्यय के आधार पर किया जाएगा।
सम्राट चौधरी ने कहा कि यह इकाई टेक्सटाइल और लेदर क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जिसे राज्य सरकार ने उच्च प्राथमिकता सूची में रखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कदम से बिहार में औद्योगिक निवेश को मजबूती मिलेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार लगातार उद्योगों को बढ़ावा देने और आर्थिक मजबूती सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। हाल ही में बिहार सरकार ने नई औद्योगिक नीति 2025 को मंजूरी दी है, जिसके तहत राज्य में निवेश आकर्षित करने और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में रेडिमेड गारमेंट्स इकाई की स्थापना बिहार के औद्योगिक विकास की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा और राज्य औद्योगिक दृष्टि से नई ऊँचाइयों को छुएगा।
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी को मिली Z+ सिक्योरिटी, तेजस्वी और पप्पू यादव को मिला क्या… जानें

