अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad :एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड और सोना कॉमस्टार के संस्थापक संजय कपूर का इसी साल जून में ब्रिटेन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। संजय कपूर की कुल संपत्ति करीब 30 हजार करोड़ रुपये बताई जाती है। अब उनके जाने के बाद यह संपत्ति परिवार में बड़ा विवाद बन चुकी है।
दरअसल, संजय कपूर की मां रानी कपूर, बहन मंधीरा कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चे इस संपत्ति पर अपना हक जता रहे हैं। वहीं, उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव पर कई गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने वसीयत में हेरफेर किया और संजय से जबरदस्ती दस्तखत करवाए।
बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। कोर्ट ने प्रिया सचदेव को निर्देश दिया कि वह संजय कपूर की सभी संपत्तियों की पूरी लिस्ट अदालत में पेश करें। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 अक्टूबर को होगी।
80 साल की रानी कपूर ने कोर्ट में दावा किया कि प्रिया संपत्ति बेचने की योजना बना रही हैं और उन्हें पूरी तरह प्रॉपर्टी से अलग कर दिया गया है। उनके वकील वैभव गग्गर ने कहा कि रानी कपूर ने कई बार वसीयत से जुड़े दस्तावेज़ मांगे और 15 से ज्यादा ईमेल भी लिखे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
रानी कपूर ने भावुक होकर कहा, “मेरे पास आज कुछ नहीं है। मेरी उम्र 80 साल है। बेटे ने मेरे लिए छत भी नहीं छोड़ी। 10 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति मेरी होनी चाहिए थी, लेकिन सबकुछ गैरकानूनी तरीके से छीन लिया गया। प्रिया ने शादी के तीन महीने के भीतर ही सबकुछ बर्बाद कर दिया।”
संजय कपूर ने साल 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की थी। इससे पहले वह करिश्मा कपूर के साथ करीब 13 साल तक शादीशुदा रहे और 2016 में उनका तलाक हो गया था। अब संजय कपूर की मौत के बाद उनकी विरासत को लेकर परिवार में कानूनी लड़ाई तेज हो गई है।
इसे भी पढ़े : बड़ा खुलासा : रांची से धराया अशहर दानिश था आतंकियों का ‘CEO’

