अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Purnia : पीएम नरेंद्र मोदी आज यानी सोमवार को बिहार के पूर्णिया जिले में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और 36,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे नवनिर्मित पूर्णिया एयरपोर्ट के टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे, जिससे कोसी-सीमांचल और आसपास के जिलों में हवाई सेवा की मांग पूरी होगी।
राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की घोषणा
इससे पहले, पीएम मोदी ने सीमांचल के मखाना किसानों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना की घोषणा की। अपने सोशल मीडिया हैंडल पर उन्होंने लिखा, “मखाना और बिहार का गहरा नाता है। पूर्णिया से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की शुरुआत होगी, जिससे किसानों को बहुत लाभ होगा।” उम्मीद है कि शीशाबाड़ी में आयोजित जनसभा में वे इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।
मखाना और बिहार का बहुत गहरा नाता रहा है। पूर्णिया से राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की शुरुआत भी की जाएगी, जिससे इस क्षेत्र के हमारे किसान भाई-बहनों को बहुत लाभ होने वाला है।
— Narendra Modi (@narendramodi) September 14, 2025
किसानों में उत्साह
इस घोषणा से मखाना किसानों, कृषि वैज्ञानिकों और स्थानीय समुदाय में खुशी की लहर है। उनका मानना है कि यह बोर्ड मखाना उद्योग को नई दिशा देगा और किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
मखाना को वैश्विक पहचान
किसानों का कहना है कि बोर्ड मखाना की खेती में आधुनिक तकनीकों, बेहतर बीज, उन्नत सिंचाई और फसल प्रबंधन को बढ़ावा देगा। इससे पैदावार और गुणवत्ता बढ़ेगी। बोर्ड किसानों को सीधे बाजार से जोड़ेगा, बिचौलियों की भूमिका कम करेगा और उचित मूल्य सुनिश्चित करेगा। मखाना की ब्रांडिंग और मार्केटिंग से यह वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
इसे भी पढ़ें : हजारीबाग में भोरे-भोर चली ताबड़तोड़ गो’लियां, तीन हार्डकोर नक्सलियों का खात्मा

