अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने दो प्रमुख नियुक्ति परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैं। इनमें दंत चिकित्सक (डेंटल डॉक्टर) की लिखित परीक्षा और राज्य के चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक (पैथोलॉजी विभाग) की सीधी नियुक्ति परीक्षा शामिल हैं। डेंटल डॉक्टर परीक्षा, जो विज्ञापन संख्या 01/2022 के अंतर्गत आयोजित की गई थी, में कुल 58 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। यह परीक्षा 21 मई 2025 को संपन्न हुई थी।
इन सफल अभ्यर्थियों को अब दस्तावेजों के सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया से गुजरना होगा। आयोग ने इन चरणों के लिए तिथियां भी तय कर दी हैं। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया 24 सितंबर 2025 को आयोजित होगी, जबकि इंटरव्यू 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इन प्रक्रियाओं में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in से अपना ई-कॉल लेटर डाउनलोड करना होगा। यह लिंक 18 सितंबर 2025 से सक्रिय होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कोई भी कॉल लेटर डाक के माध्यम से नहीं भेजा जाएगा।
यदि किसी कारणवश कोई अभ्यर्थी कॉल लेटर डाउनलोड नहीं कर पाता है, तो वह कार्यालय समय में आयोग के हेल्पलाइन नंबर +91 9431301419 या +91 9431301636 पर संपर्क कर सकता है। सफल अभ्यर्थियों की सूची में जिनके रोल नंबर शामिल हैं, उनमें 22011646, 22010653, 22010955, 22010682, 22010533, 22010737 आदि प्रमुख हैं।
इसके अलावा आयोग ने मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक (पैथोलॉजी) पद के लिए विज्ञापन संख्या 06/2022 के तहत आयोजित सीधी नियुक्ति परीक्षा का संशोधित परिणाम भी जारी किया है। पहले जारी किए गए परिणाम में सुधार करते हुए अब निशा कुमारी (रोल नंबर 22060033) को अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी के अंतर्गत चयनित घोषित किया गया है।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि नियुक्ति की पूरी प्रक्रिया नियमों और आरक्षण नीति के तहत निष्पादित की जाएगी। यदि किसी अभ्यर्थी को परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो, तो वे आयोग से संपर्क कर सकते हैं।

