अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग लूटकांडों का खुलासा किया है। 9 सितंबर को कटकमदाग थाना क्षेत्र के डामोडीह CSP सेंटर के पास महिला संचालक खेलंती कुमारी से हुई ₹2.52 लाख की लूट और इसी साल जुलाई में मिडलैंड माइक्रो फाइनेंस मैनेजर से ₹56,000 की लूट में शामिल अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हजारीबाग पुलिस कप्तान अंजनी अंजन के आदेश पर मुख्यालय ASP की देखरेख में SIT गठित की गयी। टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार अपराधियों को दबोचा। गिरफ्तार युवकों की पहचान लक्ष्मण कुमार पासवान उर्फ राधे (28), अंकित कुमार (21), प्रवीण कुमार (25) और सुजीत कुमार गिरी (29) के रूप में हुई है। ये सभी हजारीबाग जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से ताल्लुक रखते हैं।
देशी कट्टा सहित अन्य सामान जब्त
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से ₹39,500 नकद, एक देशी कट्टा, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की। इसमें एक अपाचे बाइक सुजीत गिरी के नाम पर और दूसरी हिरो होंडा बाइक निशा देवी के नाम पर दर्ज मिली। इसके अलावा CSP कार्ड, आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, बैंक पासबुक और कई ATM कार्ड भी जब्त किए गए।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
SP अंजनी अंजन का कहना है कि ये अपराधी अन्य घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। जांच टीम अब उनके नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने दोहराया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
इसे भी पढ़ें : जमीन का लफड़ा और मौ’त की साजिश का नतीजा- सुरेश की सिर कटी ला’श

