अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ayodhya : अयोध्या में लगातार नौवीं बार दीपोत्सव का आयोजन हुआ, जिसमें पूरी राम नगरी 29 लाख दीयों की रौशनी से जगमगा उठी। राम की पैड़ी के 56 घाटों पर दीपों का सागर उमड़ पड़ा। हर दिशा में सिर्फ उजाला और आस्था का जश्न देखने को मिला।
26.11 लाख दीयों से बना विश्व रिकॉर्ड
ड्रोन की मदद से गिनती के बाद पुष्टि हुई कि अयोध्या ने इस बार फिर से विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधि स्वप्निल दंगारीकर और निश्चल बरोट ने घोषणा की कि 26.11 लाख दीपों का यह रिकॉर्ड लगातार नौवीं बार दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई मंत्री इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

सरयू आरती में 2100 वेदाचार्यों ने किया एक साथ अनुष्ठान
दीपोत्सव के दौरान सरयू आरती ने एक और कीर्तिमान स्थापित किया, जब एक साथ 2100 वेदाचार्यों ने आरती में भाग लिया। यह रिकॉर्ड दूसरी बार योगी सरकार के नाम हुआ। आरती के बाद भव्य आतिशबाज़ी और ड्रोन शो ने आकाश को रौशन कर दिया।
रामलला के दरबार में दीप प्रज्ज्वलन और राजतिलक
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के शुभ अवसर पर रामलला के दरबार में दीप जलाए और सरयू आरती में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का राजतिलक कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या अब विकास और विरासत का प्रतीक बन चुकी है।

राम राज्याभिषेक का दृश्य और संदेश
राम कथा पार्क में आयोजित राम राज्याभिषेक ने दीपोत्सव को और भव्य बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज वह धरती, जहां कभी रामभक्तों पर गोलियां चली थीं, अब दीपों से रोशन है। अयोध्या अब भारत की संस्कृति और आस्था का गौरव बन चुकी है।
इसे भी पढ़ें : भाभीजी के ‘लाल कोठी’ जाते ही एक्टिव हो गये मौसाजी, राजधानी में करने लगे खेला

