अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राजधानी रांची में नशे का गंदा धंधा करने वाली सासाराम की ‘भाभीजी’ के जेल जाने के बाद ऐसा लग रहा था कि नशे के सौदगरों की कमर की रीढ़ पर वार किया गया है। अब राजधानी के युवाओं को ब्राउन शुगर जैसे धीमा जहर से बचाया जा सकेगा। पर ऐसा हुआ नहीं। भाभीजी उर्फ रूबी देवी के ‘लाल कोठी’ यानी जेल जाने के बाद ‘मौसाजी’ एक्टिव हो गये। नशे के कारोबार की पूरी बागडोर मौसाजी उर्फ बबन शाह ने संभाल ली। बबन शाह बिहार के सासाराम का रहने वाला है। अब तस्कर मौसाजी से ब्राउन शुगर खरीदते हैं और राजधानी रांची के अलग-अलग इलाकों में ग्राहकों तक पहुंचा देते हैं। इस बात का खुलासा तब हुआ, जब नशे के जानी दुश्मन माने जाने वाले पुलिस अधिकारी कोतवाली DSP और उनकी टीम ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को दबोचा। इस तस्कर का नाम मो राजू बताया गया। करीब 30 साल का मो राजू हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के नेजाम नगर का रहने वाला है। पुलिस ने उसे छोटा तालाब के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 37.91 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त किया गया है। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया है।
DSP की देखरेख में गठित की गयी SIT
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि रांची पुलिस कप्तान राकेश रंजन को इंफॉर्मेशन मिली थी कि हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र के छोटा तालाब के पास कुछ ड्रग्स पेडलर ब्राउन शुगर की सप्लाई करने वाले हैं। मिली इंफॉर्मेशन को SSP ने गंभीरता से लिया। तुरंत सिटी SP पारस राणा के नेतृत्व और कोतवाली DSP प्रकाश सोय की देखरेख में SIT गठित की गयी। टीम में हिंदपीढ़ी थानेदार सुनिल कुमार कुशवाहा समेत अन्य को शामिल किया गया और बताये गये लोकेशन पर रेड मारी गयी।
पुलिस को देखते ही भागने लगे तस्कर
टीम जब छोटा तालाब के पास पहुंची, तो वहां तीन लड़कों को आपस में बातचीत करते देखा गया। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक लड़के को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम मो राजू बताया। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसकी पैंट के बाएं पॉकेट से एक प्लास्टिक में रखा ब्राउन शुगर निकला। पुलिस ने मौके पर उसका वजन कराया, जो 37.91 ग्राम पाया गया। जब्त ब्राउन शुगर की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.5 लाख रुपये आंकी गयी।
बिहार के सासाराम से लाता था ब्राउन शुगर
गिरफ्तार तस्कर मो राजू ने पूछताछ में बताया कि उसके साथ भागे दो लड़के मो आकिब अख्तर उर्फ आकिब और साहिल नवाज उर्फ वसीम हैं। वो दोनों हिन्दपीढ़ी के ही रहने वाले हैं। राजू ने राज खोला कि वे यह ब्राउन शुगर बिहार के सासाराम के रहने वाले बबन साह उर्फ मौसाजी और उसके बेटे सूरज कुमार साह से खरीदता है। दोनों बाप-बेटे ब्राउन शुगर लाकर हिन्दपीढ़ी क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। ब्राउन शुगर तस्करी के इल्जाम में जेल जा चुकी भाभीजी उर्फ रूबी देवी और मौसाजी उर्फ बबन शाह एक ही परिवार के हैं।
जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे बाकी आरोपी : SP
SP पारस राणा ने बताया कि गिरफ्तार मो राजू का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। रांची के सुखदेवनगर और ठाकुरगांव थाना की पुलिस फाइल में उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। SP ने कहा कि फरार आरोपी मो आकिब अख्तर उर्फ आकिब, साहिल नवाज उर्फ वसीम, बबन साह उर्फ मौसाजी (सासाराम, बिहार) और सूरज कुमार साह (खरारी, सासाराम, बिहार) जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होंगे। इन लोगों को दरने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इसे भी पढ़ें : पाकुड़ में पुलिस पर ह’मला : पेड़ से बांधकर ASI को पी’टा, दूसरे की वर्दी फाड़ी

